वृद्धाश्रम पहुंचे पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली!: वायरल वीडियो में बोले- घर जैसा महसूस हो रहा; क्या है इसका सच?
सोशल मीडिया पर विनोद कांबली का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उनके एक वृद्धाश्रम में नजर आने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में कांबली सेंटर की सुविधाओं और साफ-सफाई की तारीफ करते दिखते हैं, हालांकि वीडियो और उनके वहां रहने के दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है।
विस्तार
वायरल क्लिप में कांबली सेंटर की सुविधाओं और हाइजीन की तारीफ करते दिखाई देते हैं। वह वहां मिल रहे माहौल को लेकर सकारात्मक नजर आते हैं और कहते हैं कि उन्हें सेंटर में घर जैसा महसूस हो रहा है। हालांकि, वीडियो में उनके बोलने के तरीके को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई है।
सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त विनोद कांबली आज वृद्धा आश्रम मे रह रहे है, उन्होंने ने भावुक कर देने वाला सन्देश दिया है....
— Adesh_26 (@SonOfBharat_88) September 26, 2026
कभी एक बड़े क्रिकेटर थे जो आज वृद्धा आश्रम मे रह रहे है.... ईश्वर की भी अजब लीला है 🙏🏻 pic.twitter.com/nhK6yiVaCl
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि कांबली ठाणे के एक वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। लेकिन इस दावे और वीडियो की ष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।
पिछले साल तबीयत बिगड़ने पर कांबली को ठाणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें यूरिन संक्रमण और मांसपेशियों में ऐंठन की शिकायत थी। जांच के दौरान उनके मस्तिष्क में रक्त का थक्का पाया गया था। करीब दो हफ्ते इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था।
कांबली ने 1993 से 2000 के बीच भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे खेले। वह 1000 टेस्ट रन बनाने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। यह एक ऐसा रिकॉर्ड जो आज तक कायम है। 1991 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने के बाद भारत के लिए 104 वनडे और 17 टेस्ट खेलने के बावजूद कांबली का अंतरराष्ट्रीय करियर एक दशक भी नहीं चल सका। कांबली ने 17 टेस्ट में 54.20 की औसत से 1084 रन बनाए थे। इनमें चार शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 104 वनडे में उन्होंने 32.59 की औसत से 2477 रन बनाए। इनमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 129 प्रथम श्रेणी मैचों में उन्होंने 59.67 की औसत से 9965 रन बनाए। इनमें 35 शतक और 44 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 221 लिस्ट-ए मैचों में कांबली ने 41.24 की औसत से 6476 रन बनाए। इनमें 11 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।