अजीबोगरीब एक्शन वाले शिविल की लगी लॉटरी, चल दिए इंग्लैंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल के नौंवें संस्करण में अपने अजीबोगरीब एक्शन से पहचान बनाने वाले युवा गेंदबाज शिविल कौशिक की चल निकली है और अब इंग्लैंड में खेलने जा रहे हैं।
पिछले महीने खत्म हुए आईपीएल में गुजरात लायंस की टीम में 20 साल के लेफ्ट ऑर्म फिरकी गेंदबाज ने पहले अपने अजीबोगरीब एक्शन से सभी को चौंकाया फिर शानदार गेंदबाजी से अपना कायल भी बनाया।
दिलचस्प यह है कि शिविल का भारत में किसी भी घरेलू टीम के साथ कोई करार नहीं है। वह कर्नाटक प्रीमियर लीग (केपीएल) में हुबली टाइगर्स टीम की खोज बने, फिर इसका फायदा उठाते हुए उन्होंने केपीएल में लाजवाब प्रदर्शन किया। केपीएल के बाद इस फरवरी में हुई आईपीएल नीलामी में पहली पार लीग खेलने उतरी राजकोट की टीम गुजरात लायंस ने 10 लाख में खरीद लिया।
आईपीएल में शानदार खेल के बावजूद वह अन्य क्रिकेटरों की तरह रणजी ट्रॉफी के इस सत्र में खेलने का मौका नहीं बना सके, लेकिन अब वह इंग्लैंड जा रहे हैं और वहां अपना जलवा दिखा सकते हैं। उन्होंने यॉर्कशायर प्रीमियर लीग में 141 साल पुराने क्रिकेट क्लब हॉल सीसीसी के साथ करार किया है।
वह अगले एक हफ्ते में इंग्लैंड के लिए रवाना हो जाएंगे। खेल वेबसाइट स्पोर्ट्सकीड़ा डॉट कॉम के अनुसार क्लब ने इस करार पर अपनी पुष्टि की है। क्लब ने कहा, "शिविल जल्द ही हमारे साथ होंगे। हम उन्हें शेष सत्र के लिए अपने साथ जोड़ने पर खासे उत्साहित हैं। हमने निश्चित तौर पर उन्हें आईपीएल में खेलते देखा है और हम आश्वस्त हैं कि वह यहां यॉर्कशायर प्रीमियर लीग में भी खासे सफल होंगे। हमने लीग में शुरुआती 4 मैच जीतकर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन हाल के हफ्तों में हम नीचे गिर गए। शिविल के जुड़ने से हमें उम्मीद है कि हम फिर से जीत की राह पर लौटेंगे।"
5 और भारतीय क्रिकेटर खेल चुके हैं इस क्लब के साथ
इस इंग्लिश क्लब को यह भी उम्मीद है कि वह यॉर्कशायर प्रीमियर लीग के शेष सत्रों के लिए टीम के साथ मौजूद रहेंगे जो सितंबर में खत्म हो रहा है। शिविल ने आईपीएल में ठीक-ठाक गेंदबाजी की थी, उनका इस टूर्नामेंट में इकोनॉमी रेट 8.3 रहा और 7 मैचों से 6 विकेट भी झटके थे। उनकी गेंदबाजी अनोखी तरह की है क्योंकि गेंदबाजी के दौरान दोनों हाथ पूरी तरह से घूम जाते हैं। हुबली टीम के कोच ने एक बार कहा था कि उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि उन्हें नहीं पता कि दूसरा हाथ कब मूड़ जाता है।
हॉल सीसीसी टीम सिटी ऑफ किंग्सटन हॉल जिसे हॉल नाम से ही ज्यादा प्रयोग में लाया जाता है से संबंधित है, और इस शहर की आज की पहचान उसके अपने फुटबॉल क्लब के लिए है, लेकिन इस क्लब ने अपने सबसे शानदार दिनों में कई बड़े क्रिकेटर भी दिए हैं। 1875 से ही यह क्रिकेट का हब बना हुआ है। इस शहर ने 1899 से 1974 तक 89 प्रथम श्रेणी मैचों की मेजबानी की।
जहां तक यॉर्कशायर प्रीमियर लीग का सवाल है तो इस काउंटी में 12 टीमें इसमें हिस्सा लेती हैं। ऐसा नहीं है शिविल इस क्लब के साथ खेलने वाले भारत के पहले क्रिकेटर हैं। पिछले 5 सालों से 5 भारतीय क्रिकेटर यहां खेल चुके हैं जिसमें अंडर-19 टीम के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान भी शामिल हैं।