फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2025 CSK vs RCB Result: Chennai Super Kings vs Royal Challengers Bangalore Key Highlights Analysis

CSK vs RCB: आरसीबी ने चेपॉक पर 17 साल का तिलिस्म तोड़ा, 6155 दिन बाद घर में सीएसके को हराया; गेंदबाज चमके

Fri, 28 Mar 2025 11:45 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Fri, 28 Mar 2025 11:45 PM IST
सार

आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 196 रन बनाए थे, लेकिन चेन्नई की टीम में निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 146 रन ही बना सकी। आरसीबी ने शुक्रवार को चेपॉक का तिलिस्म तोड़ा और 6155 दिन के लंबे अंतराल के बाद यहां जीत हासिल की।

विज्ञापन
IPL 2025 CSK vs RCB Result: Chennai Super Kings vs Royal Challengers Bangalore Key Highlights Analysis
आरसीबी - फोटो : ANI

विस्तार

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कप्तान रजत पाटीदार के अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सीएसके को 50 रनों से हराया। आरसीबी की यह चेपॉक स्टेडियम पर 2008 के बाद पहली जीत है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 196 रन बनाए थे, लेकिन चेन्नई की टीम में निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 146 रन ही बना सकी। सीएसके की ओर से सबसे ज्यादा रन रचिन रवींद्र ने बनाए जिन्होंने 31 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी 16 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर नाबाद लौटे। 
विज्ञापन

आरसीबी की टीम ने आईपीएल के पहले सत्र में सीएसके को उसके घर में हराया था और तब से वह इस मैदान पर हार का सामना कर रही थी। आरसीबी ने शुक्रवार को चेपॉक का तिलिस्म तोड़ा और 6155 दिन के लंबे अंतराल के बाद यहां जीत हासिल की। आरसीबी की जीत में कप्तान पाटीदार के बाद गेंदबाजों का योगदान महत्वपूर्ण रहा जिन्होंने सीएसके के बल्लेबाजों को किसी भी वक्त सुखद स्थिति में नहीं आने दिया। 

ये भी पढ़ें: KKR vs LSG: कोलकाता में ही खेला जाएगा केकेआर और लखनऊ के बीच मुकाबला, बीसीसीआई ने तारीख और समय में किया बदलाव
विज्ञापन
विज्ञापन

खराब रही सीएसके की बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जोश हेजलवुड ने उसे दो झटके दिए। इसके बाद दीपक हुड्डा के रूप में उसे तीसरा झटका लगा। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शिवम दुबे ने रचिन के साथ मिलकर साझेदारी करने की कोशिश की, लेकिन यश दयाल ने इन दोनों बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। शिवम 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंतिम ओवर में धोनी ने क्रुणाल पांड्या पर लगातार दो छक्के और एक चौका जड़ा, लेकिन आरसीबी चेपॉक का तिलिस्म तोड़ने में सफल रही। 
संबंधित वीडियो
विज्ञापन

सीएसके लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने धोनी 
धोनी नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। लियाम लिविंगस्टोन ने रविचंद्रन अश्विन को आउट कर सीएसके को सातवां झटका दिया। धोनी जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तो सीएसके 99 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी। धोनी के मैदान पर उतरते ही चेपॉक में चेन्नई के फैंस उत्साह से झूम उठे और धोनी-धोनी के नारे लगाने लगे। माही ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और विस्फोटक बल्लेबाजी की। धोनी ने इस मैच में 187.50 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की जिसमें तीन चौके और दो छक्के लगाए। धोनी इसके साथ ही आईपीएल में सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। धोनी ने इस मामले में पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना को पीछे छोड़ा। रैना ने इस फ्रेंचाइजी के लिए 4687 रन बनाए हैं। धोनी के अब 4693 रन हो गए हैं और टीम के सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला सके। 

ये भी पढ़ें: CSK vs RCB: धोनी ने विकेट के पीछे फिर अपनी तेजी से चौंकाया, बिजली की रफ्तार से सॉल्ट को किया स्टंप; वीडियो

जडेजा ने हासिल की खास उपलब्धि
जडेजा ने कुछ अच्छी बल्लेबाजी की और वह आईपीएल में 3000 रन और 100 विकेट पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बने। जडेजा ने मैच में 25 रन बनाए, जबकि अश्विन 11 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी की ओर से हेजलवुड ने तीन विकेट लिए, वहीं यश और लियाम लिविंगस्टोन को दो-दो विकेट और भुवनेश्वर कुमार को एक विकेट मिला। आरसीबी ने 2025 सीजन की शानदार शुरुआत की है। पहले उसने गत चैंपियन केकेआर को हराया और अब सीएसके को मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

पाटीदार का अर्धशतक
इससे पहले, सीएसके ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। कप्तान रजत पाटीदार के अर्धशतक और अंतिम ओवर में टिम डेविड की शानदार बल्लेबाजी से आरसीबी ने सीएसके के सामने 197 रनों का लक्ष्य रखा। आरसीबी अगर 190 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही तो उसका श्रेय पाटीदार के अलावा टिम डेविड को भी जाता है। डेविड ने आखिरी ओवर डालने आए सैम करन पर लगातार तीन छक्के लगाए और ओवर से कुल 19 रन जुटाए। डेविड 22 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 22 रन बनाकर नाबाद रहे। 

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने सीएसके के खिलाफ अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 32 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। यह किसी आरसीबी कप्तान का चेपॉक पर दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। आरसीबी के कप्तान के तौर पर चेपॉक में कोहली ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 2013 में सीएसके के खिलाफ चेपॉक पर 47 गेंदों पर 58 रन बनाए थे। 

ये भी पढ़ें: CSK vs RCB: सीएसके के खिलाफ आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने कोहली, शिखर धवन को पीछे छोड़ा
 

आरसीबी को सॉल्ट और कोहली ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन सीएसके वापसी करने में सफल रहा। आरसीबी के लिए सॉल्ट ने 32 रन, कोहली ने 31 रन, देवदत्त पडिक्कल ने 27, जितेश शर्मा ने 12 और लियाम लिविंगस्टोन ने 10 रन बनाए। सीएसके की ओर से स्पिनर नूर अहमद ने तीन विकेट लिए, जबकि मथीशा पथिराना ने दो, खलील अहमद और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक विकेट मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed