IPL में एंटी डोपिंग: टॉप क्रिकेटरों के लिए जाएंगे 50 सैंपल, BCCI और NADA ने मिलकर बनाया प्लान
- नाडा ने बीसीसीआई के साथ मिलकर बनाया आईपीएल का एंटी डोपिंग कार्यक्रम
- डीसीओ की तीन टीमें भेजी जाएंगी, पांच डोप कंट्रोल स्टेशन किए जाएंगे स्थापित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूएई में होने वाले आईपीएल के लिए नाडा ने बीसीसीआई के साथ मिलकर एंटी डोपिंग कार्यक्रम तैयार कर लिया है। इस बार टॉप क्रिकेटरों समेत 50 क्रिकेटरों के डोप सैंपल नाडा की ओर से लिए जाएंगे, जिनकी टेस्टिंग दोहा लैब में कराई जाएगी। नाडा की तीन टीमें सैंपलिंग के लिए टुकड़ों में यूएई भेजी जाएंगी। नाडा की ओर से पूरे आईपीएल के दौरान पांच डोप कंट्रोल स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। तीन डोप कंट्रोल स्टेशन मैचों के आयोजन स्थल अबू धाबी, शारजाह और दुबई में स्थापित किए जाएंगे। इन्हीं तीनों सेंटरों पर इन कंपटीशन सैंपलिंग होगी, जबकि दो कंट्रोल स्टेशन दुबई स्थित आईसीसी क्रिकेट अकादमी और एक अन्य ट्रेनिंग स्थल पर स्थापित किया जाएगा। यहां आउट ऑफ कंपटीशन सैंपलिंग होगी।
आईसीसी आरटीपी में शामिल को दी जाएगी वरीयता
यह भी तय है कि आईपीएल के दौरान विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा समेत बड़े क्रिकेटरों के अलावा आईसीसी के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल (आरटीपी) में शामिल क्रिकेटरों की सैंपलिंग को वरीयता दी जाएगी। बीसीसीआई आईपीएल के दौरान सैंपलिंग, रहने और स्थानीय ट्रेवल का खर्च उठाएगा। नाडा को सिर्फ यूएई पहुंचने का खर्च उठाना होगा। हालांकि नाडा ने ब्लड सैंपल लिए जाने को भी खारिज नहीं किया है। अगर लैब की ओर से ब्लड सैंपल लिए जाने को कहा जाता है तो उस क्रिकेटर का यह सैंपल लिया जाएगा।
क्रिकेटरों की तरह सारी प्रक्रियाओं से गुजरेंगी टीमें
नाडा के महानिदेशक नवीन अग्रवाल के मुताबिक सितंबर के पहले सप्ताह में पहली डीसीओ टीम को यूएई भेजा जाएगा। इस पूरे अभियान में यूएई एंटी डोपिंग एजेंसी भी साथ देगी। डीसीओ की टीम में नाडा ऑफिशियल के अलावा दो सरकारी अस्पतालों के लीड डीसीओ और दो यूएई एंटी डोपिंग से मुहैया कराए गए चैपरॉन होंगे। यहां से जाने वाली टीमों को सारी प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद एडमिनिस्ट्रेटिव बायोसिक्योर बबल में प्रवेश कराया जाएगा। टीम के सदस्यों को सात दिनों के एकांतवास के अलावा एक, तीन और छह दिनों में कराए जाने वाले कोविड-19 टेस्टिंग से गुजरना होगा। सभी कोविड टेस्ट नेगेटिव आने के बाद ही सदस्यों को बायो बबल में प्रवेश की इजाजत होगी। हालांकि इस बार पिछले आईपीएल के मुकाबले सैंपलों की संख्या कम होगी। पहले 100 से 120 के बीच सैंपल लिए जाते रहे हैं।