IPL 2019: पंजाब-दिल्ली में जीत की लय जारी रखने की होड़, मुकाबला आज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब की टीम सोमवार को आईपीएल मुकाबले में जब दिल्ली का सामना करने उतरेगी तो यह देखना दिलचस्प होगा कि वे कोलकाता के खिलाफ सुपर ओवर में जीत के नायक रहे कागिसो रबाडा की यार्कर गेंद का सामना कैसे करते हैं।
रबाडा की शानदार गेंदबाजी से शनिवार को दिल्ली ने आईपीएल के इतिहास में सुपर ओवर में अपने सबसे कम स्कोर (10 रन) का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए तीन रन से जीत दर्ज की। इससे पहले दोनों टीमें निर्धारित 20 ओवर में एक समान 185 रन बना पाई थीं। अब सबका ध्यान इस बात पर होगा कि दक्षिण अफ्रीका का यह तेज गेंदबाज क्रिस गेल, लोकेश राहुल, मयंक अग्रवाल और डेविड मिलर जैसे धाकड़ बल्लेबाजों के सामने कैसा प्रदर्शन करेगा।
दोनों टीमों ने शनिवार को अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा। खास बात यह है कि दोनों टीमों की जीत में सलामी बल्लेबाजों ने अहम भूमिका निभाई। दिल्ली के लिए पृथ्वी शॉ (55 गेंद 99 रन) ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम को लक्ष्य के काफी करीब पहुंचा दिया था तो वहीं लोकेश राहुल (57 गेंद में नाबाद 71) ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पंजाब की जीत सुनिश्चित की।
पहले दो मैचों में विफल रहने वाले राहुल ने मुंबई के खिलाफ पारी की शुरुआत में संभल कर बल्लेबाजी की जबकि गेल (40) और मयंक अग्रवाल (43) की जोड़ी ने आक्रामक रवैया अपनाया और पंजाब ने आसानी से 177 रन के लक्ष्य का हासिल कर लिया।
मोहम्मद शमी की अगुआई में एंड्रयू टाई और हार्डस विलजोन की तेज गेंदबाजी का सामना करना दिल्ली के लिए आसान नहीं होगा। कप्तान रविचंद्रन अश्विन की अगुवाई में स्पिनर भी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। केकेआर के खिलाफ सुपर ओवर में मिली जीत के बाद दिल्ली की टीम लय को बरकरार रखना चाहेगी। जीत के लिए 186 रन का पीछा करने उतरी दिल्ली पृथ्वी शॉ की 99 रन की पारी से आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी लेकिन अंतिम तीन ओवर में लचर बल्लेबाजी से मैच सुपर ओवर तक खिंच गया।
पृथ्वी के अलावा दिल्ली को शानदार लय में चल रहे ऋ षभ पंत से भी उम्मीदें होगी जिन्होंने टीम के पहले मैच में मुंबई के खिलाफ 78 रन की धुआंधार पारी खेली थी। शिखर धवन, कप्तान श्रेयस अय्यर और कोलिन इनग्राम भी खुद को साबित करना चाहेंगे। गेंदबाजी विभाग में रबाडा के अलावा कीवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, इशांत शर्मा और अक्षर पटेल भी विरोधी बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
कुल मैच: 22
किंग्स इलेवन पंजाब : 13
दिल्ली कैपिटल्स : 09
प्रसारण : रात 8.00 बजे से
71*: रन की पारी खेली थी पंजाब के लोकेश राहुल ने मुंबई के खिलाफ
99 : रन बनाए थे दिल्ली के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने पिछले मैच में