भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गुरूवार को दोहराया कि महेंद्र सिंह धोनी वनडे टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे और इस अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ने युवा ऋषभ पंत के लिए जगह बनाने के मद्देनजर आगामी टी-20 में नहीं खेलने का फैसला किया है।
कोहली ने भारत को घरेलू सरजमीं पर एक और श्रृंखला में जीत दिलाने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘अगर मैं गलत नहीं हूं तो मुझे लगता है कि चयनकर्ता पहले ही इसे स्पष्ट कर चुके हैं। पहली बात तो... उनसे बात हो चुकी है। इसलिए मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि मुझे यहां बैठकर यह सब समझाना चाहिए। मुझे लगता है कि जो कुछ हुआ था, चयनकर्ता वो सबकुछ बता चुके हैं।'
उन्होंने कहा, ‘मैं इस बातचीत का हिस्सा नहीं था इसलिए...चयनकर्ताओं ने जो बताया, वैसा ही हुआ था। मुझे लगता है कि लोग इस पर ज्यादा ही सोच विचार कर रहे हैं, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है, मैं यह आश्वस्त कर सकता हूं। वह अब भी इस टीम का अहम हिस्सा हैं और मुझे लगता है कि टी-20 प्रारूप में ऋषभ जैसे खिलाड़ी को और मौका दिया जाना चाहिए।’
धोनी को वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टी-20 श्रृंखला की टीम में शामिल नहीं किया गया है और ऐसी भी संभावना है कि वह भारत के लिए खेल के इस छोटे प्रारूप में कभी नहीं खेलें।
कोहली ने कहा, ‘वह नियमित तौर पर वनडे में हमारे लिए खेलते हैं इसलिए...अगर देखा जाए तो वह युवाओं को मदद करने की ही कोशिश कर रहे हैं और ऐसा कुछ नहीं है जैसा कि लोग सोच रहे हैं और मैं बतौर कप्तान निश्चित रूप से आपको आश्वस्त कर सकता हूं।’