आखिरकार रनमशीन विराट कोहली के बल्ले से साल 2019 का पहला टेस्ट शतक आ ही गया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिसंबर 2018 में पर्थ के मैदान पर अपना आखिरी शतक जमाने वाले कोहली ने 10 पारियों के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पुणे टेस्ट के दूसरे दिन शतकों का सूखा खत्म किया। यह विराट के करियर का 26वां सैकड़ा था, इस सेंचुरी के साथ ही उन्होंने हमेशा की तरह एक के बाद एक कई रिकॉर्ड्स भी तोड़ दिए।
INDvSA: शतक ठोकते ही कोहली ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, सचिन-गावस्कर सभी को पछाड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सबसे तेज 26 शतक जमाने वाले चौथे खिलाड़ी
दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज फिलेंडर की गेंद पर बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव से चौका जमाते ही विराट टेस्ट में 26 शतक जड़ने वाले दुनिया के 21वें और भारत के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। चीकू से पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर ही यह कारनामा कर चुके हैं।
सबसे तेज 26 शतक (पारी)
- 69 - डॉन ब्रैडमैन
- 121 - स्टीव स्मिथ
- 136 - सचिन तेंदुलकर
- 138 - विराट कोहली*
- 144 - सुनील गावस्कर
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 7वें खिलाड़ी
इस मैच में विराट कोहली भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 7वें खिलाड़ी बन गए। कोहली ने पूर्व खिलाड़ी दिलीप वेंगसरकर को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने भारत की ओर से खेले 116 मैचों में 6868 रन बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर नंबर एक पर हैं, जिन्होंने 15921 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में सचिन के बाद द्रविड़ (13265), गावस्कर (10122), लक्ष्मण (8781), सहवाग (8503) और गांगुली (7212) हैं। कोहली अब टेस्ट इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले 53वें खिलाड़ी हो चुके हैं।
रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी
कोहली ने कप्तान के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब कप्तान के रूप में टेस्ट क्रिकेट में रिकी पोंटिंग और कोहली के नाम 19-19 शतक है। इस लिस्ट में सबसे आगे ग्रीम स्मिथ हैं, जिन्होंने कप्तान के रूप में टेस्ट क्रिकेट में 25 शतक लगाए हैं।
सचिन-धोनी को छोड़ा पीछे
इससे पहले कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय टेस्ट कप्तान बनने का गौरव हासिल किया। कोहली ने सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी को पीछे छोड़ते हुए ये रिकॉर्ड अपने नाम किया। कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ बतौर कप्तान 600 से ज्यादा रन बना चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 553 रन बनाए थे। इस लिस्ट में धोनी तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 461 रन बनाए थे।