टीम इंडिया के लिए बुधवार किसी 'काले दिन' से कम नहीं था। वन-डे की नंबर एक टीम जिसने हाल ही में न्यूजीलैंड को उसी के घर में 4-1 से धोया था, टी-20 सीरीज की शुरुआत इतने बुरे तरीके से करेगी, किसी ने सोचा नहीं था।
वेलिंग्टन में खेले गए पहले टी-20 मैच में मेजबानों ने भारत को 80 रन से करारी मात दी। न्यूजीलैंड की इस जीत में सबसे अहम किरदार उनके सलामी बल्लेबाज टीम सीफर्ट ने निभाया। टीम ने 43 गेंदों पर 6 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 84 रन की धुआंधार पारी खेली जिसकी वजह से उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
महज 24 वर्षीय टीम सीफर्ट का जन्म 14 दिसंबर 1994 को हुआ। महज नौ टी-20 और तीन वन-डे मैच अनुभवी इस बल्लेबाज का खेल देखकर कोई नहीं बोल पाया कि उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट का इतना कम अनुभव है।
सीफर्ट ने अपना टी-20 डेब्यू पिछले साल इसी वेलिंग्टन के मैदान पर किया था। लोअर ऑर्डर बल्लेबाज सीफर्ट को मार्टिन गप्टिल के चोटिल होकर बाहर होने के बाद इस मैच में ओपनिंग करने का मौका मिला, जिसे उन्होंने दोनों हाथों से भुनाया।
आज के मैच से पहले खेली गई आठ मैच की सात पारियों में उनके बल्ले से महज 42 रन निकले थे। मगर भारत के खिलाफ यह दाएं हाथ का बल्लेबाज कुछ और ही सोचकर मैदान पर उतरा था। स्पिनर्स हो या पेसर्स, टीम ने हर भारतीय गेंदबाज का रिकॉर्ड बिगाड़ दिया।