फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   india vs south africa first odi match live score at durban 

INDvSA: टीम इंडिया ने रोका द.अफ्रीका का विजयी रथ, किंग्समीड में खत्म किया जीत का सूखा

Fri, 02 Feb 2018 07:57 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला Updated Fri, 02 Feb 2018 07:57 AM IST
विज्ञापन
india vs south africa first odi match live score at durban 
विराट कोहली - फोटो : BCCI

कप्तान विराट कोहली (112) और अजिंक्य रहाणे (79) की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने गुरुवार को डरबन में खेले गए पहले वन-डे में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से करारी मात दी। 

विज्ञापन


दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 269 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने 45.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 270 रन बनाए। एमएस धोनी 4* और हार्दिक पांड्या 3* रन पर नाबाद रहकर पवेलियन लौटे।
विज्ञापन


मैच का स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को 119 गेंदों में 10 चौको की मदद से 112 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने छह मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में रविवार को खेला जाएगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

टीम इंडिया ने प्रोटियाज को चित करते हुए रचा इतिहास

india vs south africa first odi match live score at durban 
अजिंक्य रहाणे - फोटो : BCCI

टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के विजय रथ पर रोक लगा दी। प्रोटियाज टीम अपने घर में लगातार 17 वन-डे से अजय थी, जो आज टीम इंडिया के खिलाफ हार के साथ खत्म हुई। यही नहीं, टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किंग्समीड में पहली बार वन-डे मैच में जीत हासिल की और जीत का सूखा खत्म किया। इससे पहले दोनों देशों के बीच यहां 7 मुकाबले खेले गए, जिसमें से 6 मुकाबले मेजबान टीम ने जीते जबकि एक मैच बेनतीजा रहा था।

किंग्समीड में टीम इंडिया ने इंग्लैंड और केन्या के खिलाफ जीत दर्ज की थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसने कभी जीत का स्वाद नहीं चखा था। 

270 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को तेज शुरुआत के बाद रोहित शर्मा (20) के रूप में पहला झटका लगा। मोर्ने मोर्केल की शॉर्ट गेंद पर रोहित ने खराब शॉट खेलते हुए गेंद हवा में उछाल दी और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक ने कैच लेने में कोई गड़बड़ी नहीं की। इसके बाद शिखर धवन (35) और कप्तान कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 34 रन जोड़े। धवन दुर्भाग्यशाली रहे और मार्करम के सटीक थ्रो पर रनआउट होकर पवेलियन लौटे।

कोहली और रहाणे के सामने हार गए अफ्रीकी गेंदबाज

india vs south africa first odi match live score at durban 
विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे - फोटो : BCCI

'चेस मास्टर' के नाम से मशहूर विराट कोहली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए वन-डे करियर का 20वां जबकि टीम को जीत दिलाने में 18वां शतक जमाया। कोहली ने अजिंक्य रहाणे के साथ तीसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 189 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को जीत के बेहद करीब ले आए। 

कोहली ने जहां फेह्लुक्वायो द्वारा किए पारी के 41वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कवर्स की दिशा में चौका जड़कर अपने वन-डे करियर का 33वां शतक जमाया। विराट कोहली ने 105 गेंदों में 9 चौको की मदद से सैकड़ा पूरा किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोहली ने तीसरा शतक जमाया।

वहीं रहाणे ने मोर्ने मोर्केल द्वारा किए पारी के 35वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर अपने करियर का 24वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 60 गेंदों में तीन चौको और एक छक्के की मदद से हाफ सेंचुरी पूरी की। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रहाणे ने पांचवीं फिफ्टी जमाई। 

29 वर्षीय बल्लेबाज ने 86 गेंदों में 5 चौको और दो छक्कों की मदद से 79 रन की पारी खेली। टीम इंडिया जब जीत से केवल 14 रन दूर थी, तब रहाणे ने फेह्लुक्वायो की गेंद पर लांग ऑन में ताहिर को आसान कैच थमा दिया। बता दें कि रहाणे ने वन-डे में लगातार पांचवीं फिफ्टी जमाई। इससे पहले तेंदुलकर और कोहली दो मर्तबा यह कमाल कर चुके हैं। 

फिर टीम इंडिया जीत से 8 रन दूर थी तब कोहली भी पवेलियन चलते बने। 29 वर्षीय कोहली ने फेह्लुक्वायो की गेंद पर रबाडा को कैच थमाया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एन्डिल फेह्लुक्वायो ने दो जबकि मोर्ने मोर्केल को एक विकेट मिला।

दक्षिण अफ्रीका को लगे तगड़े झटके, फाफ बन गए अंगद

india vs south africa first odi match live score at durban 
फाफ डू प्लेसी - फोटो : BCCI

इससे पहले कप्तान फाफ डू प्लेसी (120 रन, 112 गेंदें, 11 चौके और दो छक्के) के बेहतरीन शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 269 रन बनाए। एन्डिल फेह्लुक्वायो 27 रन बनाकर नाबाद रहे।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को सधी शुरुआत के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने जोरदार झटका दिया। बुमराह ने हाशिम अमला (16) को LBW आउट किया। यहां से क्विंटन डी कॉक (34) ने कप्तान फाफ डू प्लेसी के साथ 45 गेंदों में 53 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 80 के पार लगाया। इस खतरनाक जोड़ी को युजवेंद्र चहल ने कॉक को LBW आउट करके तोड़ा।

जल्द ही युजवेंद्र चहल ने एडेन मार्करम (9) को शॉर्ट मिडविकेट पर पांड्या के हाथों झिलवाकर प्रोटियाज को तीसरा झटका दिया। पांड्या ने मार्करम का दर्शनीय कैच लपका। स्कोर में 19 रन का इजाफा हुआ था कि कुलदीप यादव ने जेपी डुमिनी (12) को गूगली पर क्लीन बोल्ड किया। डेविड मिलर (7) को कुलदीप यादव ने शॉर्ट कवर्स में कप्तान कोहली के हाथों कैच आउट कराकर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। 

इस बीच फाफ डू प्लेसी ने यादव द्वारा किए पारी के 28वें ओवर की पहली गेंद पर कवर्स की दिशा में शॉट खेलकर दो रन लिए और अपने वन-डे करियर का 30वां अर्धशतक जमाया। उन्होंने 54 गेंदों में 5 चौको की मदद से पचासा पूरा किया। टीम इंडिया के खिलाफ प्लेसी ने सातवीं फिफ्टी जमाई।

ऐसे पूरा किया डू प्लेसी ने वन-डे करियर का 9वां शतक

india vs south africa first odi match live score at durban 
फाफ डु प्लेसी - फोटो : BCCI

कप्तान डू प्लेसी को क्रिस मौरिस (37) के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 200 रन के पार लगाया। कुलदीप यादव ने मौरिस को क्लीन बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 43 गेंदों में चार चौको और एक छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली।

यहां से प्लेसी ने एन्डिल फेह्लुक्वायो के साथ 56 रन की साझेदारी करके दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान 33 वर्षीय डू प्लेसी ने जसप्रीत बुमराह द्वारा किए पारी के 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर 1 रन लेकर अपने वन-डे करियर का 9वां शतक जमाया। उन्होंने 101 गेंदों में 11 चौको की मदद से सैकड़ा पूरा किया। टीम इंडिया के खिलाफ प्लेसी ने दूसरा वन-डे शतक जड़ा। 

भुवनेश्वर ने अंतिम ओवर में प्लेसी को लांग ऑफ पर पांड्या के हाथों कैच आउट कराकर उनकी लाजवाब पारी का अंत किया। टीम इंडिया की तरफ से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। युजवेंद्र चहल ने दो विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक सफलता मिली। 


दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

दक्षिण अफ्रीका-  क्विंटन डी कॉक, हाशिम अमला, फाफ डू प्लेसी (कप्तान), एडेन मार्करम, जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, क्रिस मौरिस, एन्डिल फेह्लुक्वायो, कागिसो रबाडा, मोर्ने मोर्केल, इमरान ताहिर।

टीम इंडिया-  रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, एमएस धोनी, केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed