हो सकती है भारत-पाक मैच सीरीज, दोनों बोर्ड सहमत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत के साथ क्रिकेट रिश्तों की बहाली को बेताब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन शहरयार खान ने कहा है कि पाकिस्तान दिसंबर में संयुक्त अरब अमीरात में दोनों देशों के बीच सीरीज की मेजबानी के लिए तैयार है। उधर बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने पाक से क्रिकेट रिश्तों की बहाली की उम्मीद तो जताई है लेकिन कहा है कि गृह मंत्रालय और सरकार की मंजूरी के बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते।
पीसीबी चेयरमैन शहरयार ने रविवार को बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया से मुलाकात की। तीस मिनट की मुलाकात के बाद डालमिया के निवास पर हुए साझा संवाददाता सम्मेलन में शहरयार ने बीसीसीआई के सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए कहा है कि उनका डालमिया के साथ पुराना जुड़ाव रहा है।
2004 में जब दोनों अपने-अपने बोर्ड के प्रमुख थे तब हमने भारत-पाक सीरीज की मेजबानी की थी। उन्होंने कहा कि भारत-पाक सीरीज विश्व क्रिकेट में एशेज से ज्यादा महत्वपूर्ण है। भारत-पाक मैचों का क्रेज ऐसा होता है कि विश्व कप में दोनों देशों के बीच मैच के टिकट बीस मिनट में बिक गए थे। उन्होंने कहा कि सीरीज के आयोजन को लेकर कुछ अहम मुद्दों पर बात करने की जरूरत है वो बैठकर कर सकते हैं। संयुक्त अरब अमीरात में शारजाह, दुबई और आबुधाबी में टेस्ट मैच हो सकते हैं।
तीन वनडे और 5 टेस्ट हैं प्रस्तावित
भारतीय क्रिकेट बोर्ड और पीसीबी के बीच पिछले साल प्रस्तावित सीरीज में तीन टेस्ट, पांच वनडे और दो टी-20 मैच खेलने के लिए सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए थे। दोनों देशों के बीच आठ सालों में पांच सीरीज खेलने की सहमति है।
पीसीबी अध्यक्ष शहरयार के मुताबिक भारत-पाक सीरीज की मेजबानी को तो बांग्लादेश भी तैयार है। उन्होंने कहा कि मैं बांग्लादेश से आ रहा हूं। बांग्लादेशी बोर्ड के अधिकारियों का कहना है आप हमारे यहां आकर भारत के साथ सीरीज की मेजबानी क्यों नहीं करते।
2007 के बाद नहीं खेली द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज
मुंबई में 2008 आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ कोई पूर्ण द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज नहीं खेली है। पिछली द्विपक्षीय पूर्ण टेस्ट सीरीज 2007 में खेली गई थी। दिसंबर 2012-13 में तीन वनडे और दो टी-20 मैचों के लिए पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था। इसके अलावा दोनों देश आईसीसी की स्पर्धाओं और एशिया कप में क्रिकेट मैदान पर आपसी मैच खेलते रहे हैं।
बीसीसीआई के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया का कहना है कि "हम भारत-पाक सीरीज की बहाली की उम्मीद है। कुछ चीजें हल होनी बाकी है और स्वाभाविक तौर बिना साझा सहयोग हम आगे कदम नहीं बढ़ा सकते। गृहमंत्रालय और सरकार के सहयोग के बिना हम कुछ नहीं कर सकते।"