फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   India vs England 2nd ODI Highlights England beat India by six wickets to level series 1-1

करारी हार: इंग्लैंड ने उड़ाईं भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां, राहुल के शतक पर भारी पड़े बेयरस्टो-स्टोक्स

Sat, 27 Mar 2021 08:08 AM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे Published by: अंशुल तलमले Updated Sat, 27 Mar 2021 08:08 AM IST
विज्ञापन
India vs England 2nd ODI Highlights England beat India by six wickets to level series 1-1
बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो की आतिशी पारी - फोटो : ट्विटर @starsportsIndia

पुणे में शुक्रवार रात खेले गए दूसरे वनडे को जीतते हुए इंग्लैड ने न सिर्फ वनडे सीरीज को 1-1 की बराबरी में खड़ा कर दिया बल्कि भारत के खिलाफ अपना सबसे बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया। टॉस गंवाकर टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर्स में 336/6 रन बनाए थे, लेकिन इंग्लैंड ने 39 गेंद पहले ही छह विकेट पर 337 रन बनाकर मैदान मारा। इंग्लैंड की जीत के बाद अब तीसरा मैच निर्णायक बन गया है जो इसी मैदान पर रविवार को खेला जाएगा।

विज्ञापन


सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो और ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने अपनी तूफानी पारियों से केएल राहुल के शतकीय प्रयास पर पानी फेर दिया। बेयरस्टो (111 गेंदों पर 124) और स्टोक्स (52 गेंदों पर 99) ने छक्कों की बरसात करके भारतीय गेंदबाजों को निष्प्रभावी किया। बेयरस्टो ने अपनी पारी में 11 चौके और सात छक्के लगाए। स्टोक्स शतक से चूक गए, लेकिन उनके चार चौकों और 10 छक्कों ने मैच का पासा पलटने में अहम भूमिका निभाई। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 गेंदों पर 175 रन की साझेदारी की थी।

विज्ञापन

बेयरस्टो ने इससे पहले जेसन रॉय (52 गेंदों पर 55) के साथ पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े थे। नौ गेंद के अंदर तीन विकेट गंवाने के बाद लियाम लिविंगस्टोन (नाबाद 27) और डेविड मलान (नाबाद 16) ने इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचाया। इससे पहले भारतीय पारी का आकर्षण राहुल की 114 गेंदों पर 108 रन की पारी रही जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल हैं, उन्होंने कोहली (79 गेंदों पर 66) के साथ तीसरे विकेट के लिए 121 रन जोडकर पारी संवारी। ऋषभ पंत ने 40 गेंदों पर तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से 77 रन बनाए तथा राहुल के साथ चौथे विकेट के लिये 113 रन की साझेदारी की। हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों पर 35 रन का योगदान दिया।

भारतीय तेज गेंदबाजों ने अपना प्रभाव छोड़ा, लेकिन दोनों स्पिनर कुलदीप यादव और क्रुणाल पांड्या नाकाम रहे। इन दोनों ने 16 ओवरों में 156 रन लुटाए। प्रसिद्ध कृष्णा ने 58 देकर दो जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 63 रन देकर एक विकेट लिया। हार्दिक ने गेंदबाजी नहीं की। बेयरस्टो और रॉय ने फिर से इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दिलाई। ये दोनों छक्के जड़कर 50 रन के पार पहुंचे लेकिन रोहित शर्मा के शानदार क्षेत्ररक्षण के कारण रॉय को रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा, उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।

स्टोक्स ने तीसरे नंबर के बल्लेबाज के अनुकूल जिम्मेदारी दिखाई। बीच में रन आउट की अपील पर उन्हें संदेह का लाभ मिला। तीसरे अंपायर ने कई कोण से देखने के बाद उन्हें नाबाद करार दिया। पिछले मैच में शतक से चूकने वाले बेयरस्टॉ ने कुलदीप पर मिडविकेट पर छक्का लगाकर अपना 11वां वनडे शतक पूरा किया। कुलदीप ने निराश किया और 10 ओवरों में 84 रन लुटाए। स्टोक्स ने उन पर लगातार तीन छक्के जड़े। दूसरे स्पिनर क्रुणाल पांड्या भी नहीं चल पाए, जिससे भारत की परेशानी बढ़ी। स्टोक्स ने उनके अगले ओवर में भी तीन छक्के लगाए। इस तरह से दो ओवर में 48 रन गंवाने से भारत की उम्मीदों पर पानी फिर गया। भारत ने 31वें से 35वें ओवर के बीच 85 रन लुटाए।

ऐसे में भुवनेश्वर ने गेंद संभाली और स्टोक्स को पंत के हाथों कैच कराकर उन्हें शतक से वंचित किया। प्रसिद्ध कृष्णा ने अगले ओवर में बेयरस्टो और कार्यवाहक कप्तान जोस बटलर (शून्य) को आउट किया, लेकिन अपना पहला मैच खेल रहे लिविंगस्टोन ने भुवनेश्वर पर लगातार दो छक्के जड़कर हिसाब बराबर कर दिया। इससे पहले भारत ने अंतिम 10 ओवरों में 126 रन जोड़े। यह इसलिए संभव हो पाया क्योंकि कोहली और राहुल ने टीम को शुरुआती झटकों से उबारकर बाद के बल्लेबाजों के लिए अच्छी नींव तैयार कर दी थी। भारत ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (चार) और रोहित शर्मा (25) के विकेट जल्दी गंवा दिए थे।

विज्ञापन

कोहली ने विकेटकीपर बटलर से मिले जीवनदान का फायदा उठाकर वनडे में अपना 62वां और लगातार चौथा अर्धशतक पूरा किया, लेकिन उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 71वें शतक का इंतजार खत्म नहीं हुआ। राशिद की गेंद पर कट करने के प्रयास में उन्होंने बटलर को कैच दिया। कोहली ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। राहुल ने नपे तुले शॉट लगाए और सहजता से अपनी पारी आगे बढ़ाई जबकि पंत दो अवसरों में डीआरएस के सहारे क्रीज पर टिके रहे।

पहली बार अंपायर का फैसला पलटने के बाद उन्होंने बेन स्टोक्स पर दो छक्के लगाए और दूसरी बार टॉम करेन पर छक्का और चौका जड़कर केवल 28 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। राहुल ने अपना पांचवां वनडे शतक पूरा करने के बाद आलोचकों को चुप रहने का संदेश भी दिया। यह पिछले एक साल से भी अधिक समय में किसी भारतीय का वनडे में पहला शतक है। वह इसके बाद तुरंत बाद हालांकि लंबा शॉट खेलने के प्रयास में पवेलियन लौट गए।

पंत ने सीमा रेखा पर कैच थमाने से पहले अपने सातवें छक्के से भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया और वनडे में अपना सर्वोच्च स्कोर भी पार किया। हार्दिक ने भी इस बीच उनके साथ छक्के जड़ने में अपना योगदान दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed