INDvBAN: रद्द हो सकता है दिल्ली टी-20, शाम 6:30 बजे मैच रेफरी लेंगे आखिरी फैसला
आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर होने वाला भारत-बांग्लादेश के बीच पहला टी-20 रद्द हो सकता है। पूरे एनसीआर में प्रदूषण का स्तर 'गंभीर प्लस' कैटिगरी को पार कर चुका है। पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम और नियंत्रण) प्राधिकरण (EPCA) ने दिल्ली-एनसीआर में हेल्थ इमर्जेंसी तक घोषणा कर दी है। दृश्यया बेहद कम है, ऐसे में मैच रेफरी बड़ा फैसला लेते हुए मैच को रद्द कर सकता है। हालांकि डीडीसीए और प्रशासन मैच करवाने की पूरी कोशिश में लगा हुआ है। स्टेडियम के आसपास के पेड़-पौधों पर पानी की बौछार के साथ प्रदूषण कम करने की कोशिश जारी है।
Delhi: Latest visuals from outside Arun Jaitley Stadium. India will play Bangladesh in the first T20i match, later today. pic.twitter.com/KehNVZ1Zd1
— ANI (@ANI) November 3, 2019विज्ञापन
इसके पहले भी बांग्लादेशी खिलाड़ी एंटी पॉल्यूशन मास्क पहनकर अभ्यास करते नजर आ चुके हैं। बांग्लादेश के कोच रसेल डोमिंगो ने इस प्रदूषित हुए माहौल में अभ्यास को लेकर कहा था कि, 'यह जरूर है कि हम लोग अपनी आंखों में कुछ तकलीफ (जलन और खुजली), गले में खराश जैसी समस्याएं अपनी ट्रेनिंग के दौरान और बाद में भी महसूस कर रहे हैं। लेकिन... यहां हालात ऐसे भी नहीं हैं कि कोई बीमार हो जाए या किसी की जान पर बन आए।'
यह कोई पहला मौका नहीं है, जब दिवाली के बाद कोई टीम यहां दिल्ली के जहरीले हो चुके इस वातावरण का सामना कर रही हो। इससे पहले दिसंबर 2017 में भी श्रीलंका की टीम जब यहां टेस्ट मैच खेल रही थी, तब भी हालात ऐसे ही खतरनाक थे। तब मैच के दौरान श्रीलंकाई टीम को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते दो बार खेल रोकना पड़ा था। उसके खिलाड़ी यहां सांस लेने में समस्या और बीमार होने की शिकायत कर रहे थे। इस बीच कुछ खिलाड़ियों ने मैदान पर उल्टी भी कर दी थी और कुछ ड्रेसिंग रूम पहुंचकर गिर पड़े थे।
यह भी सच है कि भारतीय फैन्स और ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी दिल्ली के इस दमघोंटू धुएं वाले इन हालात के आदी हो चुके हैं। इस बार जब टीम के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ से जो पंजाब के पूर्व क्रिकेटर भी हैं- उनसे पूछा गया कि भारतीय खिलाड़ी इस प्रदूषण से निपटने के लिए क्या खास इंतजाम कर रहे हैं। उन्होंने जवाब में बताया दिया था कि, 'मैं अपने पूरे जीवन भर उत्तरी भारत में ही खेला हूं। हम इन हालात के आदी हो चुके हैं। हम अक्सर ऐसी ही परिस्थितियों में खेलते रहे हैं। तो ऐसे इन हालात से रक्षा करने के लिए कुछ भी खास नहीं कर रहे हैं।'
मैच को लेकर सवाल किए गए तो बीसीसीआई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने गुरुवार को मीडिया से कहा था, 'हम यहां (बोर्ड में) 23 अक्टूबर को ही आए हैं और अब अंतिम क्षणों में अचानक से ही मैच का स्थान नहीं बदला जा सकता। भविष्य में जब हम मैचों को तय करेंगे, तब सर्दियों के दिनों में खासतौर से यह ध्यान रखेंगे कि उत्तर भार में मैच से पहले इन स्थितियों को भी परख लें।'