INDvAUS: ऑस्ट्रेलिया में कल से टी-20 का घमासान, कोहली की वापसी से भारत का पलड़ा भारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैदान के अंदर संघर्ष के दौर से गुजर रही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है। पहला मैच बुधवार को खेला जाएगा। विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम को दौरे में टेस्ट और वनडे सीरीज भी खेलनी है। अगर उसे छह दिसंबर से एडिलेड में शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में अपना पलड़ा पहले से भारी रखना है तो उसे टी-20 सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
भारतीय टीम नवंबर 2017 से अपनी सात टी-20 सीरीज जीत चुकी है। इस प्रारूप में उसे पिछली हार 2017 में विंडीज के खिलाफ मिली थी। पिछले ऑस्ट्रेलियाई दौरे में भारत ने टी-20 सीरीज 3-0 से जीती थी। ऐसे में भारतीय टीम का मनोबल ऊंचा होगा और वह अपनी छाप छोड़ने को बेताब होगी।
विंडीज के खिलाफ तीन टी 20 मैचों से आराम के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे में नियमित कप्तान विराट की वापसी हो रही है जबकि रोहित शर्मा उपकप्तान की भूमिका में होंगे। विंडीज के खिलाफ रोहित की कप्तानी में भारत ने घरेलू टी 20 सीरीज 3-0 से जीती थी। निश्चित रूप से कोहली की वापसी से भारत का पलड़ा भारी हुआ है लेकिन सब निगाहें इस बात पर लगी हैं कि ऑस्ट्रेलिया इस समय दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाज कोहली पर कितना अंकुश लगा पाता है।
भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में हर तरफ से आक्रामकता पर अंकुश रखने और खेल भावना बरतने की अपील की जा रही है लेकिन कोहली ने जब भी ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया है उनका बल्ला हमेशा बोला है। दो साल पहले टी-20 सीरीज में उन्होंने तीन पारियों में 199 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने ऑस्ट्रेलिया को सलाह दी है कि वह कोहली को उकसाने की गलती न करें। अब देखना है कि मेजबान क्रिकेटर और दर्शक इस पर अमल करते हैं या नहीं।
भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में अपने आक्रमण में संतुलन स्थापित करना है। गाबा की पिच पर गेंद को अच्छा उछाल मिलने की उम्मीद है। भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और खलील अहमद इसका फायदा उठा सकते हैं।
कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी को अंतिम 12 में बरकरार रखा गया है लेकिन यह देखना बाकी है क्या दोनों को पहले टी-20 में मौका मिलता है या नहीं। ऑलराउंडर के रूप में क्रुणाल पंड्या होंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरे तेज गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतरी ऑस्ट्रेलिया इस बार एक स्पिनर को उतार सकती है।
पंत संभाल सकते हैं विकेटकीपिंग
कोहली की आराम के बाद टीम में वापसी का मतलब है कि अग्रिम पंक्ति के एक बल्लेबाज को जगह खाली करनी होगी। इंग्लैंड में कप्तान ने नंबर चार पर बल्लेबाजी की थी जबकि लोकेश राहुल तीसरे नंबर पर खेले थे। हालांकि राहुल की मौजूदा फॉर्म बढ़िया नहीं चल रही उन्होंने हालिया टी-20 सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ क्रमश: 16, 26* और 17 रन की पारियां खेली हैं।
भारतीय टीम ने मैच से पहले अपने जिन 12 खिलाड़ियों की घोषणा की है उनमें राहुल के अलावा दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत को शामिल किया गया है। मनीष पांडेय को जगह नहीं मिली है। अभ्यास सत्र में ऋषभ पंत कोच रवि शास्त्री की कड़ी निगरानी में विकेटकीपिंग करते नजर आए जबकि दिनेश कार्तिक ने फील्डिंग का अभ्यास किया। इससे लग रहा है कि पंत टी-20 में विकेटकीपिंग का दायित्व संभालेंगे।
सात माह से टी-20 सीरीज नहीं जीती ऑस्ट्रेलिया ने
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई टीम मार्च में गेंद से छेड़खानी प्रकरण के बाद सुधार के दौर से गुजर रही है। मैदान में भी उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं चल रहा। गेंद से छेड़खानी प्रकरण के कारण एक-एक साल का प्रतिबंध झेल रहे स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की कमी ऑस्ट्रेलिया को बेहद खल रही है।
मार्च में हुए प्रकरण के बाद ऑस्ट्रेलिया ने कोई टी-20 सीरीज नहीं जीती है। जून में उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ हुए एकमात्र मैच में हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद जिम्बाब्वे में टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान से हार मिली। यही नहीं संयुक्त अरब अमीरात में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज 0-3 से गंवाई। गत शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टी-20 में हारे।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारतः विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, क्रुणाल पंड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद और युजवेंद्र चहल।
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), एश्टन एगर, जैसन बेहरनड्राफ, एलेक्स कैरी, नाथन कूल्टर नाइल, क्रिस लिन, बेन मैक्टरमॉट, ग्लेन मैक्सवेल, डी आर्सी शॉर्ट, बिली स्टेनलेक, मार्क्स स्टोइनिस, एंड्रयू टाई, एडम जांपा।
मैच दोपहर 1.20 बजे से
स्टार नेटवर्क पर