एशेज के बराबर है भारत-ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला, विराट सेना से बदला लेने को बेताब ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑस्ट्रेलिया के स्टार आफ स्पिनर नाथन लियोन ने कहा कि भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला एशेज के बराबर है और दिसंबर में उनकी टीम 2018-19 श्रृंखला की हार का बदला चुकाने के लिए पूरी जान लगा देगी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2018-19 में हुई पिछली श्रृंखला में 2-1 से हराया था और यह 71 साल में पहला मौका था जब टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीती थी।
लियोन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फेसबुक पेज पर वीडियो में संवाददाताओं से कहा, 'निश्चित तौर पर जब आप ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हैं तो मैच या श्रृंखला हारना नहीं चाहते। बेशक कुछ साल पहले भारत ने हमें पछाड़ दिया था। इसलिए इस बार हम उनके यहां आने का इंतजार कर रहे हैं। यह एशेज के साथ शीर्ष स्तर की श्रृंखला है। बेशक उनकी टीम सुपरस्टार खिलाड़ियों से भरी है और जब इन गर्मियों में वे यहां आएंगे तो यह शानदार चुनौती होगी।'
लियोन उस ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे, जिसे 2018-19 में घरेलू टेस्ट श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने उस समय पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट श्रृंखला जीती थी। भारत को इस साल चार टेस्ट की श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है, जिसकी शुरुआत तीन दिसंबर को ब्रिसबेन में होगी।
आगामी टेस्ट श्रृंखला के दौरान लियोन को भारत को कड़ी चुनौती पेश करने की उम्मीद है लेकिन यह गेंदबाज महामारी के कारण ठप्प पड़े क्रिकेट की बहाली को लेकर निश्चित नहीं है। उन्होंने कहा, 'हमें पता है कि अंतत: मैचों का आयोजन होगा। हम अच्छी तैयारी कर रहे हैं और घर में बिताए समय का लुत्फ उठा रहे हैं।'
लियोन ने कहा कि वह अगले महीने 'जैविक रूप से सुरक्षित' वातावरण में हो रही इंग्लैंड-वेस्टइंडीज टेस्ट श्रृंखला पर करीबी नजर रखेंगे। इस आफ स्पिनर ने कहा, 'मैं सुनिश्चित करूंगा कि टीवी पर मैच देख पाऊं। मैं अलग-अलग खिलाड़ियों को देखूंगा कि वे अपना काम कैसे कर रहे हैं। मैं अंतत: कुछ क्रिकेट देखने को लेकर उत्सुक हूं, मुझे अब इसका अहसास होने लगा है, यह काफी रोमांचक है।'
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने गेंद पर लार के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कर दिया है और ऐसे में लियोन ने मजाकिया लहजे में कहा कि वह देख सकते हैं कि क्रिकेट दोबारा शुरू होने पर स्पिनर टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा, 'आपको गेंद पर लार लगाने की स्वीकृति नहीं होगी इसलिए मुझे लगता हे कि स्पिनर गेंदबाजी की शुरुआत कर सकते हैं। यह रोचक होगा। कोविड-19 के जाने के बाद उम्मीद करता हूं कि स्थिति पहले जैसी हो जाएगी।'