IND vs ENG: नासिर हुसैन ने पढ़े विराट की कप्तानी के कसीदे, बोले- ओवल टेस्ट में कोहली ने जिसे छुआ, वह सोना बन गया
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। उन्होेंने कहा कि विराट ओवल टेस्ट मैच के अंतिम दिन शानदार कप्तानी करते हुए इंग्लैंड के हराने में सफल रहे। उनके द्वारा किए गए गेंदबाजी परिवर्तन लाजवाब थे।
विस्तार
ओवल टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत की पहली पारी के आधार पर 99 रनों की बढ़त हासिल की थी। लेकिन टीम इंडिया ने मैच के अंतिम दिन पलटवार करते हुए मेजबानों पर टेस्ट में धमाकेदार जीत दर्ज की। भारत ने इस मैच में इंग्लैंड को 157 रनों के विशाल अंतर से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली। विराट कोहली ओवल टेस्ट में बहुत अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए लेकिन उनकी कप्तानी शानदार रही। चौथे टेस्ट में विराट की बेहतरीन कप्तानी और टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन की तारीफ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने की है।
विराट ने पास की परीक्षा
क्रिकेटर से कॉमेंटेटर बने नासिर हुसैन ने डेली मेल में अपने कॉलम में विराट कोहली की कप्तानी पर खूब लिखा, उन्होंने कहा कि विराट ओवल टेस्ट जीतकर अपनी कप्तानी की परीक्षा पास की है क्योंकि उन्होंने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। नासिर आगे लिखते हैं, मैंने पांचवें दिन की शुरुआत में कहा था कि यह विराट कोहली की कप्तानी की एक बड़ी परीक्षा होने जा रही है और उन्होंने उस परीक्षा को पास किया।
तेज गेंदबाजों के लिए मददगार नहीं थी पिच
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने आगे लिखा, ओवल की पिच तेज गेंदबाजों के लिए बहुत कम मददगार थी, बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा के लिए थोड़ी खुरदरी थी, लेकिन किसी तरह भारत ने आखिरी दिन इंग्लैंड के 10 विकेट आउट किए, प्रत्येक गेंदबाजी परिवर्तन ने काम किया, हर बदलाव कामयाब रहा, जब चायकाल के बाद उन्होंने दूसरी गेंद ली, जिससे विकेट मिले, उमेश यादव ने क्रेग ओवरटन को आउट किया। उनके मुताबिक, यह विराट कोहली का मिडास टेस्ट था उन्होंने जिसे छुआ वह सोना बन गया, अब भारत ऐतिहासिक जीत दर्ज करने में सिर्फ एक मैच दूर है, इससे पहले टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को उनकी ही मांद में रौंद चुकी है।
जडेजा का बेहतर उपयोग कर रहे कोहली
नासिर ने कहा, ओवल टेस्ट में विश्व स्तरीय गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को न खिलाने पर लोगों ने कहा था कि भारत को इस मैच में उनकी कमी खलेगी, लेकिन विराट ने कहा ऐसा नहीं है हमारे तेज गेंदबाज अच्छा करेंगे। उन्होंने कहा कि विराट ने चौथे दिन रवींद्र जडेजा का अच्छा उपयोग किया है वहीं, रूट मोईन अली का बेहतर इस्तेमाल नहीं कर पाए। अब भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला मैनचेस्टर में 10 सितंबर से खेला जाएगा।