ICC U19 World Cup: यश धुल समेत पांच खिलाड़ी कोरोना से उबरे, क्वार्टर फाइनल में खेलना तय, स्टैंड इन कप्तान निशांत पॉजिटिव
भारतीय क्रिकेट टीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले से एक दिन पहले राहत भरी खबर मिली है। टीम के कप्तान यश धुल समेत पांच खिलाड़ी कोरोना महामारी से उबर चुके हैं और शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलने के लिए मौजूद रहेंगे।
विस्तार
भारतीय क्रिकेट टीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले से एक दिन पहले राहत भरी खबर मिली है। टीम के कप्तान यश धुल समेत पांच खिलाड़ी कोरोना महामारी से उबर चुके हैं और शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलने के लिए मौजूद रहेंगे। ये सभी पांच खिलाड़ी आयरलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे ग्रुप मुकाबले से ठीक पहले संक्रमित पाए गए थे। संक्रमित होने वाले खिलाड़ियों में कप्तान यश धुल, आराध्य यादव, उपकप्तान शेख रशीद, वासु वत्स और सिद्धार्थ यादव शामिल थे। इन सभी खिलाड़ियों को सात दिन के लिए त्रिनिदाद में आइसोलेशन में रखा गया था। इनकी गैरमौजूदगी में टीम ने अपने उपलब्ध खिलाड़ियों में से ही अंतिम एकादश को मैदान में उतारा था और दो मैचों में निशांत सिंधु ने टीम की कमान संभाली थी।
हालांकि इस बार निशांत सिंधु खदु भी संक्रमित हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, युगांडा के खिलाफ खेले गए आखिरी लीग मैच के बाद सिंधु की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह नॉकआउट मैचों के लिए टीम के साथ मौजूद नहीं रहेंगे। निशांत ने टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैचों में टीम की जीत में अहम योगदान दिया था। उन्होंने तीन पारियों में 78 रन बनाने के अलावा 4 विकेट भी चटकाए। निशांत की गैरमौजूदगी में लेफ्ट आर्म स्पिनर अनीश्वर गौतम को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।
शुक्रवार सुबह यश धुल और अन्य संक्रमित खिलाड़ी एंटीगा पहुंचे। आईसीसी के एक सूत्र ने कहा, "भारतीय खिलाड़ी खेलने के लिए मेडिकली फिट हैं। उनके पास मैच की तैयारी और प्रैक्टिस के लिए करीब एक दिन का समय है।"