क्रिकेट: एंडरसन-जडेजा विवाद ने तूल पकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय आलराउंडर रवींद्र जडेजा से नाटिंघम टेस्ट के दौरान अभद्र भाषा में बात करने और धक्का-मुक्की करने के मामले में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के खिलाफ आईसीसी ने मामला दर्ज कर लिया है।
आईसीसी के नियमानुसार यदि एंडरसन के खिलाफ लगाए गए आरोप साबित होते हैं तो परिषद के लेवल तीन नियम उल्लंघन के लिए उन्हें कम से कम सीरीज के दो टेस्ट मैचों से बाहर किया जा सकता है।
एंडरसन से फिलहाल मामले में पूछताछ की जा रही है और इस पर 14 दिनों के भीतर कोई फैसला आ सकता है। ड्रॉ रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान इस पूरे मामले की सूचना अंपायर के बजाय भारतीय टीम की ओर से दी गई है।
भारतीय टीम के मैनेजर सुनील देव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टीम के अन्य खिलाड़ियों और कोच डंकन फ्लेचर से इस मामले पर बात करने और सुनिश्चित हो जाने के बाद ही उन्होंने एंडरसन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जडेजा के खिलाफ भी होगा मामला दर्ज?
सुनील देव ने कहा, ‘धोनी और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने बताया कि एंडरसन ने जडेजा के साथ धक्का-मुक्की की थी। यह एक गंभीर मामला है क्योंकि आप किसी के साथ इस तरह से शारीरिक रूप से छेड़छाड़ नहीं कर सकते हैं इसलिए मैंने मैच रेफरी से इसकी शिकायत की।
हालांकि एंडरसन के खिलाफ भारतीय टीम के शिकायत करने पर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने नाराजगी जताई है। ईसीबी ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि यह मामला बहुत छोटा सा था और इसे तूल नहीं दिया जाना चाहिए था।
इसके साथ ही ईसीबी ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जडेजा के खिलाफ भी मामला दर्ज कराने का संकेत दिया है। ईसीबी ने कहा कि हम इस बात से बहुत हैरान हैं कि भारतीय टीम ने जेम्स एंडरसन के खिलाफ लेवल तीन के तहत मामला दर्ज कराया है।
यह एक बहुत मामूली सी घटना थी। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए ईसीबी ने आईसीसी को जडेजा के खिलाफ भी नियमों का उल्लंघन करने के लिए मामला दर्ज करने को कहा है। एंडरसन ने इन आरोपों से इंकार किया है और ईसीबी ने अपने खिलाड़ी के साथ खड़ा रहने का निर्णय किया है।
क्या होता है लेवल तीन आरोप में
आईसीसी के नियमानुसार सभी लेवल तीन के आरोपों में चार से आठ निलंबन अंक शामिल होते हैं। दो अंक मिलने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट या दो वनडे मैचों से बैन किया जाता है।
यह इस बात पर निर्भर करता है कि आरोपी खिलाड़ी को अगला किस प्रारूप का मैच खेलना है। यदि एंडरसन के खिलाफ आरोप साबित होते हैं तो उन्हें कम से कम दो टेस्टों से बाहर बैठना पड़ सकता है।