पाक को बड़ा झटका, हफीज पर फिर लगा प्रतिबंध
गलत गेंदबाजी एक्शन के चलते पाकिस्तानी ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब वह प्रतिबंध की अवधि के दौरान पाक के लिए गेंदबाजी नहीं कर सकेंगे।
हालांकि वह बतौर बल्लेबाज टीम में बने रह सकते हैं जिसकी संभावना कम ही दिखती है। आईसीसी ने गत 6 जुलाई को चेन्नई की श्री रामाचंद्र यूनिवर्सिटी में हुए परीक्षण के बाद हफीज पर गेंदबाजी का प्रतिबंध लगाने का फैसला किया।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान हफीज की दूसरी बार गलत गेंदबाजी एक्शन को लेकर शिकायत की गई थी, जिसके बाद चेन्नई में उनका परीक्षण हुआ। हालांकि हफीज ने उम्मीद जताई थी कि परीक्षण के बाद उन्हें क्लीन चिट मिल जाएगी।
इससे पहले भी लग चुके हैं झटके
इससे पहले नवंबर 2014 में उन पर गेंदबाजी करने से प्रतिबंध लगाया गया था, जिसके बाद एक्शन में जरूरी सुधार के बाद उन्हें अप्रैल 2015 में गेंदबाजी की इजाजत दे दी गई।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता हारून रशीद ने कहा है कि यह पाक के लिए बड़ा झटका है क्योंकि इससे पाक क्रिकेट टीम की भविष्य की योजनाएं प्रभावित होंगी, विशेषकर यह देखते हुए कि हफीज टीम के लिए बेहद उपयोगी और अहम खिलाड़ी हैं। हालांकि हम मानसिक रूप से इस परिणाम के लिए तैयार थे।
अश्विन भी उठाना चाहते हैं 15 डिग्री के नियम का फायदा
भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने स्वीकार किया है कि आधुनिक खेल में कोहनी को 15 डिग्री तक मोड़ने की अनुमति के नियम का उपयोग करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 15 डिग्री के नियम का फायदे के तौर पर उपयोग किया जा सकता है तो फिर मुझे पीछे क्यों हटना चाहिए। यह नियम के तहत मिलने वाला फायदा है जिसका मैं उपयोग करना चाहता हूं।