गांगुली बोले, सचिन ईडन में लगाएंगे शतक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने लगातार खराब फॉर्म के कारण आलोचनाओं से जूझ रहे सचिन तेंदुलकर का बचाव करते हुए कहा है कि सचिन ईडन गार्डंस में शतक बनाएंगे। गांगुली ने यहां पूर्व भारतीय ओपनर स्वर्गीय पंकज राय पर लिखी गई पुस्तक ‘पंकज बंगाल्स फोरगोटन हीरो’ के विमोचन कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘तीसरे मैच को लेकर काफी कुछ लिखा जा चुका है। मैं सचिन को अपनी तरफ से शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वह ईडन गार्डंस में शतक बनाएं। मुझे यह भी उम्मीद है कि भारतीय टीम जोरदार वापसी कर इस सीरीज को आसानी से जीत लेगी।’
इंग्लैंड मुंबई मे दूसरा टेस्ट दस विकेट से जीत कर सीरीज 1-1 से बराबर कर चुका है। तीसरा टेस्ट बुधवार से शुरू हो रहा है और चौथा तथा अंतिम टेस्ट नागपुर में 13 दिसंबर से खेला जाएगा। इस मौके पर सचिन ने पंकज राय के बारे में कहा, ‘मैं उनसे कभी नहीं मिला लेकिन मैंने उनके क्रिकेट को दिए गए योगदान के बारे में काफी कुछ सुना है। मेरे लिए उन पर आधारित पुस्तक का विमोचन करना सम्मान की बात है।
पंकज राय उस दौर के बल्लेबाजों में से हैं जब खिलाड़ी बिना हेलमेट के मैदान पर उतरते थे और तेज गेंदबाजों का सामना करते थे। उस समय बनाए गए 10 रन भी आज के 20 रन के बराबर थे।’ पंकज राय ने अपने 10 वर्ष के क्रिकेट कैरियर में 43 टेस्ट खेले हैं। उन्होंने 2442 रन बनाए जिसमें पांच शतक शामिल हैं। उन्हें 1954-55 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वीनू मांकड़ के साथ अपनी 413 रनों की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी के लिए याद किया जाता रहेगा।
पंकज ने 1959 में इंग्लैंड के खिलाफ टीम की कप्तानी भी की थी। सचिन ने पंकज राय पर लिखी गई पुस्तक के बंगाली संस्करण का विमोचन किया जबकि गांगुली और मौजूदा कप्तान धोनी ने इसके अंग्रेजी संस्करण का विमोचन किया। धोनी ने भी पंकज राय को याद करते हुए कहा, ‘मुझे पंकज राय से मिलने का मौका तो नहीं मिला लेकिन मैं अंडर 19 से ही उनके बारे में जानता हूं। मुझे उनके बेटे प्रणव राय से मिलने और उनके बारे में जानने का मौका मिला। प्रणव राय बीसीसीआई के मैच रेफरी हैं और वह हमेशा बताते थे कि उनके पिता सचिन के स्ट्रेट ड्राइव देखकर बेहद खुश होते थे।’