कप्तान धोनी को लेकर अब शाहिद अफरीदी ने भी की टिप्पणी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया की बांग्लादेश के हाथों वनडे सीरीज में शर्मनाक हार के बाद धोनी को हटाने और उनकी जगह नए कप्तान चुने जाने की बात हर ओर उठ रही है। भारत के कई खिलाड़ी जहां धोनी का पुरजोर समर्थन करते हुए उन्हें कप्तान बनाए रखने के पक्ष में हैं तो कुछ उनकी कप्तानी शैली की आलोचना कर रहे हैं।
सुरेश रैना और आर अश्विन ने धोनी की कप्तानी की जमकर तारीफ की तो टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने वनडे सीरीज के दौरान ही वनडे कप्तान की आलोचना की। उन्होंने कहा था कि हमारे खिलाड़ियों में भरोसे की कमी दिखी, जिस वजह से टीम इंडिया को सीरीज में मुंह की खानी पड़ी। सीरीज के दौरान कई अजीबोगरीब लिए गए फैसले से वह अपनी निराशा छिपा नहीं पाए।
बांग्लादेश के खिलाफ हार के बाद टीम इंडिया में अभी जो कुछ चल रहा है उससे पाकिस्तान के टी-20 टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने नाखुशी जाहिर की और कहा कि भारतीय वनडे कप्तान को जिस तरह से निशाना बनाया जा रहा है उससे वह खुश नहीं हैं।
अफरीदी ने इस ओर इशारा भी किया कि उपमहाद्वीप में यह एक रिवाज ही बन गया है कि किस तरह से किसी एक सीरीज में हार के बाद बड़े सितारा खिलाड़ियों के खिलाफ राजनीति शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में हार के बाद जिस तरह से धोनी के साथ व्यवहार किया जा रहा है उससे मुझे वाकई में बुरा लग रहा है। मैं सोचता हूं कि यह उपमहाद्वीप में एक चलन ही बन गया है जहां एक खराब सीरीज के बाद अपने हीरोज को भी नहीं छोड़ा जाता।"
उन्होंने इसके लिए मीडिया पर दोष मढ़ा। उन्होंने कहा कि इन सबके लिए मीडिया भी जिम्मेदार है क्योंकि वह उस समय लोगों के सामने सही तस्वीर नहीं पेश करती है।
'आलोचना से पहले खिलाड़ियों के ओवरऑल प्रदर्शन भी देखें'
पाकिस्तान के धाकड़ बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेले गए वर्ल्ड कप के बाद वनडे से भी संन्यास ले लिया था। टेस्ट से पहले ही संन्यास लेने वाले इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अपने करियर में 398 वनडे मुकाबले खेले हैं। वह अपने 2 मैच से 400 वनडे मैच खेलने वाले क्लब में शामिल होने से दूर रह गए।
उन्होंने कहा, "मैं ऐसा नहीं कह रहा कि किसी भी लीडर या खिलाड़ियों के वर्तमान प्रदर्शन को लेकर आकलन न की जाए। उनकी आलोचना कीजिए लेकिन ऐसा करने से पहले आपको उनके पहले के प्रदर्शन को भी याद करना होगा। आप धोनी को ही लीजिए। उनके बारे में किसी निर्णायक फैसला लेने से पहले उनके रिकॉर्ड को तो देखिए। वह भारत के लिए बेहद शानदार खिलाड़ी हैं। उनका रिकॉर्ड भी बहुत कुछ बयान कर देता है।"
पाकिस्तान के टी-20 के कप्तान ने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है वह अभी भी पाकिस्तान के लिए टी-20 क्रिकेट खेल रहे हैं। अगले साल भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने के लिए उन्हें बेसब्री से इंतजार है।