भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने एक बार फिर से अपनी छवि के अनुरूप सधी हुई बल्लेबाजी की और टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट में उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की अहम साझेदारी की। पुजारा अच्छी लय में नजर आ रहे थे और अपने अर्धशतक के करीब थे लेकिन उनकी ईमानदारी उनके लिए नुकसानदेह साबित हुई और वे आउट होकर पवेलियन लौट गए।
VIDEO: पुजारा की ईमानदारी से मुश्किल में टीम इंडिया, चेहरा पढ़कर ऑस्ट्रेलिया ने लिया था रिव्यू
दरअसल नाथन लियोन के 50वें ओवर की चौथी गेंद को पुजारा ने आगे बढ़कर खेलना चाहा लेकिन वो उनके बल्ले और फिर पैड से टकराकर लेग गली के पास खड़े मार्नस लाबुशेन के हाथों में चली गई। इसके बाद पुजारा पवेलियन की ओर चलना शुरू कर चुके थे, लेकिन अंपायर ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की अपील को नकारते हुए उन्हें नॉटआउट करार दिया जिसपर वे रूक गए। फिर क्या था कंगारुओं ने रिव्यू लेने में कोई देरी नहीं की और अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा।
रिव्यू में साफ दिखा कि गेंद पहले पुजारा के बल्ले से टकराई और फिर लेग गली में खड़े लाबुशेन के हाथों में चली गई। इसके बाद अंपायर ने अपना फैसला बदलते हुए उन्हें आउट करार दिया। पुजारा 160 गेंदों में 43 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिसके साथ ही भारत को तीसरा विकेट गंवाना पड़ा।
#AUSvIND | Pujara is great at Test cricket but might not be the best poker player. 😏
— The Field (@thefield_in) December 17, 2020
🎥 BT Sportpic.twitter.com/g645d1ymoA
गौरतलब है कि यह लियोन ने टेस्ट क्रिकेट में 10वीं बार पुजारा का शिकार किया। एडिलेड में भी इससे पहले दोनों ही खिलाड़ियों के बीच एक दिलचस्प जंग देखने को मिली। लियोन ने पुजारा को 35 गेंदें की जिसमें उन्होंने 26 डॉट गेंदें डाली और 19 रन दिए। पुजारा ने भी इस दौरान लियोन को लगातार दो चौके जड़े।