एक पारी में तीसरी बार 4 शतक ठोंकने का किया कारनामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की ओर से 2 बल्लेबाजों ने शतक लगाए तो दूसरे दिन भी दो और बल्लेबाजों ने शतक ठोंक दिए। इस तरह से 4 शतकों की मदद से मेजबान टीम ने 3 विकेट पर 551 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। जोए बर्न्स (128) और उस्मान ख्वाजा (144) के बाद आज दूसरे दिन कप्तान स्टीवन स्मिथ (नाबाद 134) और एडम वोग्स (नाबाद 106) ने भी शतक लगाए।
कंगारू टीम की ओर से शीर्ष क्रम के 5 में से 4 बल्लेबाजों ने शतक ठोंके हैं, लेकिन जोए बर्न्स के साथ पारी की शुरुआत करने आए विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर (23) सस्ते में आउट हो गए और शतक से चूक गए। टेस्ट में ऐसा तीसरी बार हुआ है जब ऑस्ट्रेलिया की ओर से शीर्ष क्रम के 5 में से 4 बल्लेबाजों ने एक पारी में शतक ठोंके हैं। उनकी ओर से 2001 (पाकिस्तान) और 2007 (भारत) में ऐसा कारनामा किया गया था। साथ ही ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऐसा तीसरी बार हुआ है जब उसकी पारी में 4 या उससे ज्यादा शतक लगे हैं। 1955 में विंडीज के खिलाफ किंगस्टन टेस्ट में 5 शतक लगाए गए थे ऑस्ट्रेलिया की ओर से।
बल्लेबाजों के कमाल के खेल के बाद कंगारू गेंदबाजों ने भी कमाल दिखाया और दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज के 6 विकेट महज 83 रनों के अंदर झटक लिए। दिन का खेल खत्म होने तक विंडीज टीम ने 6 विकेट पर 91 रन बना लिए थे। जेम्स पैंटिसन, नाथन ल्योन और पीटर सिडल ने 2-2 विकेट झटके। कप्तान जेसन होल्डर तो अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैच के पहले दिन जोए बर्न्स और उस्मान ख्वाजा के बीच तीसरे विकेट के लिए 258 रनों की साझेदारी हुई जोकि इस मैदान में दूसरे विकेट पर तीसरी श्रेष्ठ साझेदारी है। इससे पहले इयान चैपल और बिल लॉरी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 1968 में 298 रन बनाए थे जबकि डॉन ब्रेडमैन और बिल वुडफुल ने 1931 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 274 रन जोड़े थे।
पहले दिन बर्न्स और ख्वाजा ने लगाए थे शतक
इससे पहले उस्मान ख्वाजा (144) और जो बर्न्स (128) के दमदार शतकों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में दूसरे टेस्ट के पहले दिन तीन विकेट पर 345 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली थी। ख्वाजा ने चौथी टेस्ट पारी में तीसरा शतक जड़ा जबकि बर्न्स इस सीजन की अपनी दूसरी शतकीय पारी खेलने में सफल रहे।
पहले दिन स्टंप्स के समय कप्तान स्टीवन स्मिथ 32 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि होबार्ट टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले एडम बोग्स 10 रन पर नाबाद हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान जैसन होल्डर ने टॉस जीतकर पहले ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी के लिए उतारा।
पाकिस्तान में जन्मे उस्मान ख्वाजा मांसपेशियों में खिंचाव के कारण 2 टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं ले पाए थे लेकिन फिट होकर लौटने के बाद शनिवार को उन्होंने वहीं फॉर्म दिखाई। पिछले महीने ख्वाजा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में 174 और 121 रनों की पारियां खेली थीं।
ख्वाजा को 142 के निजी स्कोर पर जीवनदान भी मिला था जब मर्लोन सैमुअल्स ने जेरोम टेलर की गेंद पर उनका आसान कैच छोड़ दिया था हालांकि अपने निजी स्कोर में दो रन और जोड़ने के बाद वह टेलर का ही शिकार बन गए। ख्वाजा ने 227 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का भी लगाया। ख्वाजा ने अक्तूबर से किसी भी फारमेट में अपनी पारी में सौ से कम का स्कोर नहीं किया है। ख्वाजा के शतक के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में मिलाकर एक हजार शतक ठोंक लिए और वह ऐसा करने वाली पहली टीम भी बन गई।