फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   australia enter final of icc womens world cup

महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया

Sun, 10 Feb 2013 07:14 PM IST
मुंबई/खेल डेस्क
मुंबई/खेल डेस्क Updated Sun, 10 Feb 2013 07:14 PM IST
विज्ञापन
australia enter final of icc womens world cup

पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने प्रभावशाली गेंदबाजी और ओपनर रशेल हेंस के नाबाद 7 रन की मदद से श्रीलंका को नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर आठवीं बार आईसीसी महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई।

विज्ञापन


पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई। एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 41 रन था और आखिर में पूरी टीम 45.2 ओवर में 131 रन पर ढेर हो गई। उसकी तरफ से वन-डाउन बल्लेबाज दीपिका रसांगिका ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऑफ स्पिनर एरीन ओसबोर्न ने दस ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट झटके।
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया को हेंस और मेग लैनिंग (37) ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। हेंस ने 61 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 71 रन बनाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया 22.2 ओवर में एक विकेट पर 132 रन बनाकर सुपर सिक्स में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने इससे पहले इंग्लैंड को दो रन के करीबी अंतर से हराया था। उसका अगला मैच 13 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से होगा। श्रीलंका सुपर सिक्स में लगातार दूसरी हार से फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है।

हेंस और लैनिंग ने शुरू से ही श्रीलंका के कमजोर आक्रमण के खिलाफ करारे शाट जमाए। लैनिंग ने श्रीपाली वीराकोडी पर छक्का जड़ने के बाद अगली गेंद पर स्लिप में कैच थमा दिया लेकिन हेंस ने एक छोर संभाले रखा।

इससे पहले श्रीलंका की चोटी के पांच बल्लेबाजों ने रसांगिका के अलावा ओपनर चमारी अटापट्टू (10) ही क्रीज पर कुछ समय बिता पाई। रसांगिका ने दूसरे छोर से विकेट गिरने के बावजूद पारी को संवारने की कोशिश की। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज दिलानी मंडोरा (21) के साथ पांचवें विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की।

निचले क्रम में चमानी सेनेबिरातना ने 17 और श्रीपाली वीराकोडी ने 13 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ओसबोर्न के अलावा तीनों पेसरों मेगान शट, जूली हंटर और होली फर्लिंग और आलराउंडर लिसा स्टालेकर ने भी अच्छी गेंदबाजी की। शट और स्टालेकर ने दो-दो विकेट झटके।

इंग्लैंड की दक्षिण अफ्रीका पर बड़ी जीत
कटक। मध्यम गति की गेंदबाज आन्या रुबसोबे ने अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की, जिससे इंग्लैंड ने आईसीसी महिला वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 243 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराया।

पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया से दो रन से हारने वाले इंग्लैंड को खिताबी होड़ में बने रहने के लिए बड़े अंतर से जीत की दरकार थी। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 29.3 ओवर में 77 पर ढेर हो गई। जवाब में इंग्लैंड ने केवल 9.3 ओवर में तीन विकेट पर 81 रन बनाकर सुपर सिक्स में अपनी पहली जीत दर्ज की।

इंग्लैंड की इस जीत की नायिका रुबसोबे रही, जिन्होंने 17 रन देकर पांच विकेट झटके। उन्हें डेनिली वाट का भी अच्छा सहयोग मिला। वाट ने नौ गेंद पर सात रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दक्षिण अफ्रीका की चार बल्लेबाज डेनवान नीकर्क (17), शमीम इस्माइल (16), मारिजेन कैप (13) और सांड्रे फ्रिट्ज (10) ही दोहरे अंक में पहुंच पाई।

इंग्लैंड की भी दस विकेट से जीत दर्ज करने की इच्छा पूरी नहीं हो पाई लेकिन एरेन ब्रिंडल ने 16 गेंद पर छह चौकों की मदद से नाबाद 28 और लीडिया ग्रीनवे ने 19 गेंद पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 25 रन बनाकर टीम को दस ओवर के अंदर जीत दिला दी।

कप्तान चार्लेट एडवर्ड्स (6) तीसरे ओवर में ही आउट हो गई। उन्हें कैप ने पेवेलियन भेजा। इसके बाद चोले ट्रायन 14 रन देकर दो विकेट झटके। उन्होंने वाट और सराह टेलर (शून्य) को आउट किया। टेलर का खराब प्रदर्शन जारी रहा और वह लगातार तीसरे मैच में खाता खोलने में नाकाम रही। इससे इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 26 रन हो गया लेकिन ब्रिंडल और ग्रीनवे ने इसके बाद कोई विकेट नहीं गिरने दिया।


दक्षिण अफ्रीका की यह सुपर सिक्स में दूसरी हार है और वह फाइनल की होड़ से बाहर हो गया है। दक्षिण अफ्रीका अपना आखिरी मैच 13 फरवरी को श्रीलंका से खेलेगा। इंग्लैंड अपने अगले मैच में इसी दिन न्यूजीलैंड से भिड़ेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed