Ashes: इंग्लैड को जीत के लिए चाहिए 178 रन, जो रूट पर रहेंगी निगाहें
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के सामने एक विशाल स्कोर रखा है। जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 354 रनों का लक्ष्य रखा है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट पर 176 रन है। जो रूट 67 और क्रिस वोक्स 5 रन पर नाबाद हैं। जीत के लिए इंग्लैड को 178 रन की दरकार है और इंग्लैड के पास 6 विकेट बचे हैं।
मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी सिर्फ 138 रनों पर सिमट गई। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को 215 रनों की बढ़त मिली थी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी 442/8 पर घोषित कर दी थी । दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शानदार नहीं रही। दूसरी पारी में टीम की तरफ से सबसे ज्यादा उस्मान ख्वाजा और मिचेल स्टार्क ने 20-20 रन बनाए।
पढ़ेंः- एशेज: वनडे-T20 में हो जाएगी इस ब्रिटिश 'लड़ाकू' खिलाड़ी की वापसी
वहीं, इंग्लैंड की तरफ से जेम्स एंडरसन ने शानदार गेंदबाजी की और 5 विकेट झटके। क्रिस वोक्स ने 4 और क्रेग ओवर्टन ने 1 विकेट अपने नाम किए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर 53 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम का पहला विकेट सिर्फ 5 रन के कुल योग पर गिर गया। पहले विकेट के रूप में कैमरन बैंक्रॉफ्ट (4) रन पर आउट हुए। जबकि उस्मान ख्वाजा (20) रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया के विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और टीम ने 41 पर तीसरा, 50 पर चौथा विकेट खो दिया।
इस दौरान टीम ने डेविड वॉर्नर (14) और स्टीवन स्मिथ (6) रन बनाकर आउट हुए। 50 रन पर 4 विकेट गिर जाने के बाद लायन और हैंड्सकॉम्ब ने दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। इससे पहले कंगारुओं ने पहली पारी में इंग्लैंड को सिर्फ 227 रनों पर समेट दिया और पहली पारी के आधार पर 215 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
इंग्लैंड की तरफ से पहली पारी में कई बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन कोई भी खिलाड़ी उस शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सका। इंग्लैंड की तरफ से क्रेग ओवर्टन ने (41*), एलेस्टर कुक ने (37), क्रिस वोक्स ने (36) रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन लायन ने सबसे ज्यादा (4) विकेट हासिल किए।