अश्विन ने छुआ एक और मुकाम, बने दुनिया के भी नंबर वन फिरकी गेंदबाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के बेहद शानदार फॉर्म में चल रहे फिरकी गेंदबाज आर अश्विन ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। पिछले हफ्ते दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए नागपुर टेस्ट में 12 विकेट झटकने वाले अश्विन की टेस्ट रैंकिंग में जोरदार उछाल आया है।
अफ्रीकी टीम के खिलाफ 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के 3 मैचों में टीम इंडिया के फिरकी गेंदबाजों ने बेहद गजब का खेल दिखाया जिसकी बदौलत विराट कोहली की अगुवाई में भारत ने 11 साल के बाद इस टीम से पहली बार कोई सीरीज जीत ली। वहीं मेहमान टीम का विदेश में पिछले 9 सालों से टेस्ट सीरीज नहीं हारने का सिलसिला भी टूट गया।
ऐसे में यह गजब का खेल भारतीय खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। सोमवार को एडिलेड टेस्ट मैच खत्म होने के बाद सोमवार को जारी नई टेस्ट रैंकिंग में आर अश्विन अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ मुकाम पर पहुंच गए हैं। ऑफ स्पिनर अश्विन को 3 स्थान का फायदा हुआ है और वह पहली बार गेंदबाजी की टेस्ट रैंकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच गए।
इस साल 8 टेस्ट में 55 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज बने अश्विन के अलावा उनके साथी गेंदबाज अमित मिश्रा और रविंद्र जडेजा को भी फायदा हुआ है।
टीम इंडिया की फिरकी तिकड़ी को हुआ फायदा
दूसरे नंबर पर पहली बार पहुंचे आर अश्विन ने इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन और पाक के यासिर शाह को पीछे छोड़कर इस स्थान को हासिल किया है। इन दोनों गेंदबाजों के 846-846 अंक हैं जबकि अश्विन के 856 अंक हैं। वहीं भारत के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के अंतिम 2 टेस्ट मैचों में चोट के कारण मैदान से दूर रहने वाले तेज गेंदबाज डेल स्टेन (884 अंक) पहले पायदान पर बने हुए हैं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड पांचवें पायदान पर खिसक गए हैं।
अश्विन के साथी गेंदबाज अमित मिश्रा और रविंद्र जडेजा को भी गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है। अमित 2 स्थान की सुधार के साथ 31वें और जडेजा 11वें पायदान पर आ गए हैं।
जहां तक टेस्ट में बल्लेबाजी रैंकिंग का सवाल है तो 12वें नंबर पर काबिज भारतीय ओपनर मुरली विजय इस समय टीम इंडिया के शीर्ष बल्लेबाज बने हुए हैं। जबकि कप्तान विराट कोहली एक स्थान की सुधार के साथ 16वें नंबर पर आ गए हैं। शिखर धवन 32वें पर हैं तो रिदिमान साहा पहली बार शीर्ष 100 में शामिल हो गए हैं और उनकी रैंकिंग 92 हो गई है।
बल्लेबाजी में शीर्ष पर 2 बल्लेबाज बने हुए हैं। इंग्लैंड के जोए रुट और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीवन स्मिथ हैं जिनके 886-886 अंक हैं। तीसरे स्थान पर अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स हैं।
ICC की इस टॉप-टेन लिस्ट में हैं 2 टीम इंडिया के 2 क्रिकेटर्स
टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजी रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहली बार पहुंचे आर अश्विन ऑलराउंडर की सूची में भी दूसरे पायदान पर हैं। उनसे आगे बांग्लादेश के शाकिब अल हसन हैं जिनके 384 अंक हैं और इस भारतीय ऑलराउंडर के पास इस श्रेणी में पहले पायदान पर आने का शानदार मौका है क्योंकि वह हसन से सिर्फ 8 अंक दूर हैं।
आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में यही वो लिस्ट है जिसके शीर्ष 10 खिलाड़ियों की सूची में टीम इंडिया के 2 क्रिकेटर शामिल हैं। दूसरे नंबर पर अश्विन के बाद आठवें नंबर पर रविंद्र जडेजा हैं जिनके 222 अंक हैं।
अफ्रीकी टीम की ओर से भी 2 खिलाड़ी इस लिस्ट में शामिल हैं लेकिन दोनों ही चोट के कारण मैच नहीं खेल पा रहे। ये हैं वार्नेन फिलेंडर (4वें) और डेल स्टेन (10वें)। लगातार 2 मैच से बाहर रहे स्टेन के बारे में कहा जा रहा है कि टीम उन्हें दिल्ली टेस्ट में उतार सकती है।