{"_id":"e54f57231cf6758b3c71f947339cdf40","slug":"abu-dhabi-test-pakistan-vs-australia-3rd-day-hindi-news-sv","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज नाकाम, पाक जीत के बेहद करीब","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज नाकाम, पाक जीत के बेहद करीब
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Sun, 02 Nov 2014 01:36 PM IST
विज्ञापन
पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया पर शिकंजा कस दिया है। शनिवार को तीसरे दिन स्टंप्स तक पाकिस्तान ने 370 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली है और अब उसकी निगाहें सीरीज जीतने पर है। पाकिस्तान ने दूसरे पारी में दो विकेट पर 61 रन बना लिए। अजहर अली 21 रन बनाकर और यूनुस खान 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।
विज्ञापन
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी एक बार फिर नाकाम रही। पहली पारी में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 261 रन सिमट गई थी और वह पहली पारी के आधार पर पाकिस्तान से 309 रन पीछे था। पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 570 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
विज्ञापन
लेकिन मिस्बाह उल हक ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन देने से मना कर पुन: बल्लेबाजी करने का फैसला किया ताकि चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया को विशाल लक्ष्य दिया जा सके। पाकिस्तान 20 साल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली सीरीज जीतने के कगार पर है और टेस्ट मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पाकिस्तान ने दुबई में पहला टेस्ट 221 रन से जीता था।
विज्ञापन
मिचेल जॉनसन 29 रन देकर दो विकेट झटक पाकिस्तान को शुरुआती झटका देने में सफल रहे। उन्होंने अहमद शहजाद (14) और मोहम्मद हफीज (3) को पेवेलियन की राह दिखाई। लेकिन इसके बाद अली और यूनुस ने क्रीज पर डटे रहकर ऑस्ट्रेलियाई खेमे को विशाल लक्ष्य का संकेत दे दिया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर बड़ा स्कोर करने में नाकाम रहा। मिचेल मार्श ने 87 रन की पारी खेली जबकि माइकल क्लार्क ने 47 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया को कप्तान क्लार्क से उम्मीद थी, जिन्होंने पहले टेस्ट में महज दो और तीन रन बनाए थे। क्लार्क क्रीज पर डटे थे।
उन्होंने 62 गेंदों की अपनी पारी में कई जोरदार शॉट लगाए और सात चौके जड़े। लेकिन इसके बाद वह पेसर इमरान खान की गेंद पर खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाए और बोल्ड हो गए। इमरान ने 60 रन देकर तीन विकेट झटके। क्लार्क ने मार्श के साथ छठे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई।
मार्श ने 56 गेंदों में अपनी अर्द्धशतक पूरा किया। लेकिन नियमित अंतराल पर ऑस्ट्रेलिया के विकेट गिरते रहे। याशिर साह ने ब्रैड हैडिन (10) और जॉनसन को शून्य पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया को संकट में डाल दिया।
199 रन पर ऑस्ट्रेलिया के आठ विकेट गिरने के बाद मार्श ने पीटर सिडल के साथ नौवें विकेट के लिए 62 रन जोड़े लेकिन एक रक्षात्मक शॉट पर वह खान द्वारा लपके गए। मार्श ने 116 गेंदों की अपनी पारी में 13 चौके उड़ाए और एक छक्का जड़ा।
इसके बाद हफीज ने सिडल को 28 के निजी स्कोर पर पेवेलियन भेज ऑस्ट्रेलियाई पारी को समाप्त कर दिया। पाकिस्तान के लिए राहत अली, शाह और जुल्फिकार बाबर ने दो-दो विकेट झटके।