Womens T20 WC Final: इंग्लैंड के अभेद्य किले में सेंध लगाएगा ऑस्ट्रेलिया? दांव पर सातवां टी20 विश्व कप खिताब
Womens T20 World Cup 2026 Final: सातवें टी20 विश्व कप खिताब का सपना, सामने घरेलू मैदान पर अजेय इंग्लैंड और दांव पर इतिहास। लॉर्ड्स में होने वाला महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल सिर्फ ट्रॉफी की जंग नहीं, बल्कि दो अपराजित टीमों के बीच रिकॉर्ड, दबदबे और गौरव की सबसे बड़ी भिड़ंत भी साबित होने वाला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महिला टी20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा, जहां इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने होंगी। ऑस्ट्रेलिया के सामने सातवीं बार इस ट्रॉफी को उठाने की चुनौती है, लेकिन इसके लिए उसे इतिहास को बदलना होगा। इंग्लैंड की टीम का अपनी घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप इतिहास में अब तक का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है और वह आज तक अपने घर में एक भी मैच नहीं हारी है।
साल 2009 से लेकर 2026 के मौजूदा विश्व कप सेमीफाइनल तक इंग्लैंड ने अपने घर में कुल 11 मैच खेले हैं और इन सभी में जीत हासिल की है। इस महामुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम जहां आठवीं बार फाइनल खेलने उतरेगी, वहीं इंग्लिश टीम पांचवीं बार फाइनल में अपनी दावेदारी पेश करेगी।
दोनों टीमों का अजेय रथ इस फाइनल मुकाबले तक जारी रहा है?
इस टूर्नामेंट में अब तक दोनों ही टीमों का प्रदर्शन लाजवाब रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बिना कोई मैच गंवाए लगातार छह मुकाबले जीतकर फाइनल का टिकट कटाया है। दूसरी ओर, मेजबान इंग्लैंड की कहानी भी कुछ ऐसी ही रही है। कप्तान नेट साइवर-ब्रंट की अगुवाई में इंग्लिश टीम भी बिना कोई मैच हारे खिताबी मुकाबले तक पहुंची है। हालांकि, रविवार को होने वाले इस मैच में किसी एक टीम के विजय रथ का रुकना पूरी तरह तय है।
हेड-टू-हेड आंकड़ों में कौन सी टीम भारी?
क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप में जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने आई हैं, मुकाबला बराबरी का रहा है। दोनों के बीच अब तक कुल 45 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 22 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है, जबकि 20 मैचों में बाजी इंग्लैंड के हाथ लगी है। इसके अलावा दो मुकाबले टाई रहे हैं और एक मैच बेनतीजा समाप्त हुआ है। इन आंकड़ों को देखते हुए रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर फैंस को एक बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
क्या बारिश बिगाड़ेगी फाइनल का खेल?
इस बड़े मुकाबले को देखने वाले फैंस के लिए मौसम को लेकर अच्छी खबर है। महिला टी20 विश्व कप 2026 के इस फाइनल मैच में बारिश की आशंका न के बराबर जताई गई है। एक्यूवेदर की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, लॉर्ड्स में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश होने की संभावना सिर्फ 5 प्रतिशत ही है। मैच के दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
फाइनल मुकाबले के लिए क्या हैं दोनों देशों की पूरी टीमें?
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड: सोफी मोलिनक्स (कप्तान), एश्ले गार्डनर (उपकप्तान), ताहलिया मैकग्राथ (उपकप्तान), निकोला कैरी, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शुट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल और जॉर्जिया वेयरहम।
इंग्लैंड का स्क्वॉड: नेट शीवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग और डैनी व्याट-हॉज।