{"_id":"6af8f5995face2fe0307666c","slug":"foreign-perspective-on-nehru-walter-crocker-book-thought-provoking-observations-abraham-lincoln-comparison-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"नेहरू को देखने का एक विदेशी नजरिया: वाल्टर क्रॉकर की किताब में विचारोत्तेजक टिप्पणियां, अब्राहम लिंकन से तुलना","category":{"title":"Opinion","title_hn":"विचार","slug":"opinion"}}
नेहरू को देखने का एक विदेशी नजरिया: वाल्टर क्रॉकर की किताब में विचारोत्तेजक टिप्पणियां, अब्राहम लिंकन से तुलना
सार
जवाहरलाल नेहरू को उनके समकालीनों ने अलग-अलग नजरियों से देखा और समझा। लेकिन किसी विदेशी राजनयिक की नजर से नेहरू को देखना एक अलग अनुभव है।
विज्ञापन
पंडित जवाहरलाल नेहरू (फाइल)
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
कुछ किताबें ऐसी होती हैं, जिन्हें हम केवल एक बार पढ़ते हैं और कुछ किताबें ऐसी होती हैं, जिनके पास हम बार-बार लौटते हैं। मेरे लिए दूसरी श्रेणी की किताबों में रवींद्रनाथ टैगोर की ‘नेशनलिज्म’, बीआर आंबेडकर की ‘एनिहिलेशन ऑफ कास्ट’, सीएलआर जेम्स की ‘बियॉन्ड ए बाउंड्री’ और वाल्टर क्रॉकर की ‘नेहरू : ए कंटेम्परेरीज एस्टिमेट’ शामिल हैं। इन चारों किताबों में आखिरी किताब सबसे कम चर्चित है। यही कारण है कि मैं इसके बारे में लिख रहा हूं। दूसरी वजह यह है कि जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती के एक दिन बाद यह लेख प्रकाशित होगा।
विज्ञापन
वाल्टर क्रॉकर पहली बार 1945 में भारत आए थे। कुछ सप्ताह यहां गुजारकर देश को समझने की कोशिश की। 1950 के दशक में वे दोबारा भारत आए। इस बार वे नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त के रूप में दो अलग-अलग कार्यकालों में आए और प्रत्येक कार्यकाल तीन वर्ष का था।
विज्ञापन
क्रॉकर की किताब का केंद्रीय अध्याय जवाहरलाल नेहरू के प्रधानमंत्री के रूप में बिताए वर्षों पर केंद्रित है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के तौर पर नेहरू की सबसे बड़ी उपलब्धि तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद देश को एकजुट बनाए रखना थी। उस समय भारत के सामने गरीबी, अशिक्षा, व्यापक असमानताएं और मुश्किल पड़ोसी देशों जैसी अनेक चुनौतियां थीं। नेहरू की दूसरी उपलब्धि संसदीय लोकतंत्र और स्वतंत्र संस्थाओं के विकास को प्रोत्साहित करना थी। तीसरी उपलब्धि एक ऐसे धर्मनिरपेक्ष राज्य की नींव को मजबूत करना थी, जिसमें सभी धर्मों के लोगों के लिए समान रूप से जगह हो। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सुधारों की एक शृंखला को आगे बढ़ाया, विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में।
विज्ञापन
क्रॉकर का मानना था कि नेहरू ने प्रधानमंत्री पद पर जरूरत से ज्यादा लंबे समय तक बने रहने का फैसला किया। संसदीय लोकतंत्र के हित में बेहतर होता कि वे समय रहते पद छोड़ देते और अपने जीवनकाल में ही अपने राजनीतिक उत्तराधिकारी के सामने आने वाली स्वाभाविक उथल-पुथल को घटित होने देते। ऐसा भी तब, जब वे स्वस्थ थे और जरूरत पड़ने पर स्थिति को संभालने के लिए उपलब्ध रहते।
क्रॉकर को इस बात का भी गहरा अफसोस था कि वल्लभभाई पटेल के निधन के बाद नेहरू को सरकार में अपने कद का कोई दूसरा नेता नहीं मिला, जिसके साथ वे मिलकर काम कर सकते। क्रॉकर की सी. राजगोपालाचारी से अच्छी जान-पहचान हो गई थी। वे तमिलनाडु के इस दिग्गज नेता की बौद्धिक क्षमता और विचारों की स्पष्टता के बहुत बड़े प्रशंसक बन गए थे। क्रॉकर का तर्क था कि यदि नेहरू ने 1950 के दशक के मध्य में राजगोपालाचारी को दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया होता, तो शायद वह उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच एक सेतु का काम कर सकते थे। इसके अलावा, मंत्रिमंडल के दूसरे सदस्यों के विपरीत राजगोपालचारी प्रधानमंत्री के सामने केवल सहमति जताने वाले व्यक्ति नहीं होते। वे नेहरू के उन विचारों को भी चुनौती देते, जिन्हें वे अव्यावहारिक या अनुचित मानते थे। खासकर आर्थिक नीतियों के मामले में वे नेहरू से असहमति जताने का साहस रखते।
लेकिन दोनों नेताओं के बीच सुलह नहीं हो सकी। कांग्रेस में हाशिये पर धकेले जाने के बाद राजगोपालाचारी ने अपनी अलग पार्टी 'स्वतंत्र पार्टी' बनाई और नेहरू की नीतियों की तीखी आलोचना शुरू कर दी। क्रॉकर अफसोस जताते हुए लिखते हैं, “आजादी के बाद के दो महत्वपूर्ण दशकों में भारत को इन दोनों नेताओं की जरूरत थी। इनके बीच जो एकता और समन्वय होना चाहिए था, उसकी जगह विभाजन और दूरियां पैदा हुईं।”
मेरे कुछ पुराने मित्रों ने मुझे 1950 के दशक में भारत के प्रधानमंत्री के आसपास मौजूद उस खास आभा और आकर्षण के बारे में बताया है। वाल्टर क्रॉकर स्वयं उस दौर के प्रत्यक्ष विदेशी साक्षी थे। वे लिखते हैं कि भारतीय जनता के बीच नेहरू की प्रतिष्ठा में कुछ जादू-सा था। वे एक ऐसे संपन्न परिवार से आए थे, जिसने अपनी संपत्ति और वैभव का त्याग कर दिया था। नेहरू ने वर्षों तक आम भारतीयों जैसा कठिन जीवन जीया था। यहां तक कि उन्होंने रेलगाड़ियों में तीसरे दर्जे में भी यात्रा की थी।
जीवन और पेशेवर कार्यकाल के दौरान उन्हें यूरोप ही नहीं, बल्कि अमेरिका के राजनेताओं को भी करीब से काम करते हुए देखने और समझने का अवसर मिला। विश्व इतिहास और समकालीन राजनीति की अपनी इसी व्यापक समझ के आधार पर उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि “दुनिया के किसी भी देश में शायद ही कोई ऐसा नेता हुआ हो, जिसने अपने ही देश के लोगों के बीच इतनी प्रतिष्ठा हासिल की हो और इतने लंबे समय तक उसे बनाए रखा हो। भारत की जनता का एक बड़ा हिस्सा यह महसूस करता था और उसने इस भावना को कभी खोने नहीं दिया कि नेहरू केवल उनकी भलाई चाहते हैं, उन्हें अपने लिए कुछ नहीं चाहिए। वे ऐसे शासक थे, जिनके भीतर आम लोगों के प्रति करुणा और दया भाव था।”
क्रॉकर ने एक वक्ता के रूप में नेहरू की सराहना की है। वे लिखते हैं, “नेहरू के भाषणों का दायरा अद्भुत था। इनमें से अधिकांश भाषण बिना किसी पूर्व तैयारी और बिना नोट्स के दिए जाते थे। वे राजनीति के तमाम विषयों के अलावा तकनीक, विज्ञान, कला, नैतिकता, इतिहास, जनकल्याण और अनेक सामाजिक सरोकारों पर बोलते थे। अंग्रेजी में करीब आधे घंटे तक धाराप्रवाह बोलने के बाद वे बिना किसी लिखित सामग्री के उसी भाषण को हिंदुस्तानी में दोहरा सकते थे। मेरे भारतीय मित्रों के अनुसार, उनका यह अनुवाद शब्दशः मूल भाषण के अनुरूप होता था।” हम ऐसे दौर में जी रहे हैं, जहां संवाद की भाषा का स्तर लगातार गिर रहा है। ऐसे समय में क्रॉकर के माध्यम से नेहरू के व्यक्तित्व के कुछ पहलुओं को याद करना उपयोगी है। क्रॉकर लिखते हैं, “नेहरू के संघर्ष हमेशा विचारों को लेकर होते थे, कभी अपने निजी हितों के लिए नहीं। उनके लिए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किसी भी साधन को उचित ठहराना भी शायद ही कभी स्वीकार्य था।”
नेहरू को ये दोनों गुण अपने राजनीतिक मार्गदर्शक महात्मा गांधी से मिले थे। वास्तव में, क्रॉकर की पुस्तक की कुछ कमजोरियों में से एक यह है कि उसमें नेहरू के चरित्र और व्यक्तित्व के निर्माण में महात्मा गांधी के प्रभाव को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया के यह विवेकशील पर्यवेक्षक ने नेहरू की तुलना अब्राहम लिंकन से करते हुए लिखा है, “लिंकन की तरह नेहरू के भीतर भी अधिकार और सत्ता बढ़ने के साथ करुणा का भाव और गहरा होता गया। वे सत्ता चाहते थे, लेकिन किसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए, अपने निजी स्वार्थ के लिए नहीं। कुछ मामलों में नेहरू की जानकारी अधूरी हो सकती थी, वे गलतफहमी के शिकार हो सकते थे या कुछ लोगों को समझने में चूक कर सकते थे, लेकिन उनके इरादे हमेशा निःस्वार्थ थे। उनकी चिंता हमेशा इस बात को लेकर रहती थी कि वे जो कुछ कर रहे हैं, उससे भारतीयों या पूरी मानवता का भला कैसे हो सकता है।”
वाल्टर क्रॉकर की पुस्तक का लगभग हर पन्ना अंतर्दृष्टि और विचारोत्तेजक टिप्पणियों से भरा हुआ है। वर्ष 1966 में पहली बार प्रकाशित हुई यह पुस्तक छह दशक बीत जाने के बाद भी जवाहरलाल नेहरू और उनके दौर को समझने के लिए लिखी गई सर्वश्रेष्ठ पुस्तकों में से एक है।
