Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Nvidia espionage row Jensen Huang chinese lady alice and other affairs most powerful most blind also

सबसे पुराना जाल: हुआंग बेआबरू होकर अतीत की गर्त में उतर रहे; जो सबसे ज्यादा ताकतवर, वह सबसे ज्यादा अंधा...

Sun, 15 Nov 2026 04:56 AM IST
Anshuman Tiwari अंशुमान तिवारी
Updated Sun, 15 Nov 2026 04:56 AM IST
विज्ञापन
सार
यह कहानी तीन हजार साल पुरानी है। हर सदी में कोई ताकतवर गिरा है और हर बार वजह वही रही है, क्योंकि जो सबसे ज्यादा ताकतवर होता है, वह सबसे ज्यादा अंधा होता है।
loader
Nvidia espionage row Jensen Huang chinese lady alice and other affairs most powerful most blind also
एनवीडिया के पूर्व प्रमुख चीनी महिला से अफेयर के कारण सुर्खियों में - फोटो : अमर उजाला प्रिंट- एआई ग्राफिक्स

विस्तार

12 नवंबर, 2026। वाशिंगटन। एक एसईसी फाइलिंग। शेयर बजार को सूचना, दो पंक्तियों में। ‘जेनसन हुआंग ने एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दिया।’ बस। दुनिया की सबसे कीमती कंपनियों में से एक-40 खरब डॉलर का बादशाह औंधे मुंह गिर गया। एक ही रात में बाजार से 400 अरब डॉलर से ज्यादा मिट गए। नैसडॉक हिल गया। वॉल स्ट्रीट सिकुड़ गया। वह चमड़े की जैकेट वाला आदमी, जो दुनिया में एआई का देवता कहलाता था, अचानक दागी हो गया और इतिहास में गुम होने की राह पर बढ़ गया।



कहानी क्या है? एक औरत। एलिस हुआंग-सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की अधिकारी। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का कहना है कि वह चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय की जासूस थी। मेगास्पीड ने एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर के चिप खरीदे, जिनमें से कुछ की आपूर्ति चीन को की गई, जहां अमेरिका ने पाबंदी लगा रखी है। शंघाई की एक और कंपनी ने भी एनवीडिया से करीब 7.5 अरब डॉलर के चिप खरीदे हैं, जिनमें प्रतिबंधित चिप भी शामिल हैं। एफबीआई जांच कर रही है। अमेरिकी कांग्रेस ने सम्मन भेजा। शेयरधारकों ने मुकदमा दायर किया।


जेनसेन हुआंग ने 40,000 डॉलर से एनवीडिया बनाई थी। हुआंग ताइवान के ताइनान शहर से अमेरिका आए थे। उम्र नौ साल। अंग्रेजी नहीं आती थी, मां ने रोज दस शब्द रटाए। तीस साल में एआई का सबसे बड़ा साम्राज्य खड़ा किया और एक महिला (कई हो सकती हैं) से संबंध ने सब खत्म कर दिया। टाइम मशीन के मुसाफिरो, यह कहानी तीन हजार साल पुरानी है। हर सदी में कोई ताकतवर गिरा है और हर बार वजह वही रही है, क्योंकि जो सबसे ज्यादा ताकतवर होता है, वह सबसे ज्यादा अंधा होता है। आइए। सीट पकड़िए और उड़ चलिए।

लगभग 1100 ईसा पूर्व। गाजा। प्राचीन इस्राइल। शिमशोन। बाइबल का सबसे ताकतवर योद्धा। फलस्तीनियों ने उसे हराने की कोशिश की। हर बार हारे। शिमशोन ने गधे के जबड़े से हजार आदमी मारे। शहर के दरवाजे उखाड़कर पहाड़ पर रख दिए। कोई ताकत उसे छू नहीं सकती थी। फिर आई दलीला। सोरेक घाटी की हसीना। फलस्तीनी सरदारों ने उसे चांदी के 1,100 सिक्के देकर कहा, ‘पता लगाओ कि शिमशोन की ताकत कहां है।’ दलीला ने शिमशोन को रिझाया। बार-बार पूछा कि उसकी ताकत कहां है। शिमशोन ने तीन बार झूठ बोला। चौथी बार जाल में फंस गया और बता दिया-‘मेरे बाल हैं मेरी ताकत। कभी कटे नहीं।’ दलीला ने गोद में सुलाया। बाल कटवाए। ताकत गई। फलस्तीनियों ने शिमशोन की आंखें फोड़ दीं। उसे चक्की पर जोता। तीन हजार साल पुरानी कहानी, पर यह इतिहास का पहला हनी ट्रैप है, जहां शिमशोन की मिथकीयत की ताकत तलवार से नहीं, दलीला की गोद में हारी।

टाइम मशीन अब उड़ चली है तारसुस की तरफ। 41 ईसा पूर्व। तारसुस। रोमन साम्राज्य। स्क्रीन पर देखिए-मार्क एंटनी। सीजर का सबसे भरोसेमंद जनरल। फिलिप्पी की लड़ाई जीती। रोमन साम्राज्य का आधा पूर्वी हिस्सा उसके कब्जे में। ऑक्टेवियन के साथ मिलकर उसने रोमन साम्राज्य की दुनिया बांट रखी थी। फिर उसने मिस्र की रानी क्लियोपेट्रा (VII) को तारसुस बुलाया। रानी सोने के जहाज पर आईं। एंटनी देखता रह गया। और बस दीवाना होकर चला गया। उसके पीछे, अलेक्जेंड्रिया। रोम ने चेतावनी दी। सीनेट ने कहा-लौट आओ, मारे जाओगे। एंटनी ने सुना नहीं। ‘डोनेशन ऑफ अलेक्जेंड्रिया’ में उसने रोम के जीते हुए प्रांत क्लियोपेट्रा के बच्चों को बांट दिए। रोम भड़क उठा। दो सितंबर। 31 ईसा पूर्व। एक्टियम की लड़ाई देखिए। एंटनी के जहाज ऑक्टेवियन के बेड़े से हार रहे हैं। क्लियोपेट्रा का बेड़ा भागा। एंटनी उसके पीछे भाग रहा है। अपनी सेना छोड़कर। प्यार के पीछे। दोनों मरे। एंटनी ने खुद को तलवार मारी, क्लियोपेट्रा ने जहर खाया। रोमन गणराज्य खत्म। ऑक्टेवियन ‘ऑगस्टस’ पहला सम्राट बना। एक जनरल के आत्मघाती प्यार ने इतिहास की सबसे बड़ी ताकत का ढांचा बदल दिया।

15 अक्तूबर, 1917।  हम पेरिस आ गए हैं। वैन्सेन का किला। बारह फ्रांसीसी सैनिक। बंदूकें तनी हुईं। सामने एक औरत-मार्गरेट जेले। दुनिया उसे जानती है माता हारी के नाम से। नीदरलैंड्स के ल्यूवार्डन में जन्मी। सुमात्रा में नृत्य सीखा। 1905 में पेरिस में एक प्रदर्शन और रातोंरात यूरोप की सबसे मशहूर नर्तकी बन गई। पहला विश्वयुद्ध छिड़ा। फ्रांसीसी खुफिया ने आरोप लगाया कि वह जर्मनी की जासूस है। उसका कोडनेम है एच-21। जर्मनों ने कहा-फ्रांस की जासूस है। सच क्या था? शायद कोई नहीं जानता। 1917 में गिरफ्तारी। मुकदमा हुआ। सबूत कमजोर थे। मगर, सजा-ए-मौत। तब वह इकतालीस साल की थी। किसी ने लाश नहीं मांगी। मेडिकल कॉलेज भेज दी गई। आज तक पता नहीं कि असली जासूस थी या बलि का बकरा। मगर एक बात पक्की है-उसने ताकतवर आदमियों के राज निकाले, और ताकतवर आदमियों ने उसे फांसी दी। दोनों तरफ जाल था।

20वीं सदी। यह इंग्लैंड है। तारीख जून 1963। क्लिवडन। यहां आपको जो दिखेगा, वह जेनसन हुआंग की कहानी का पिछला संस्करण है। संसद में हंगामा। एक तस्वीर बार-बार चर्चा में आ रही है। लॉर्ड एस्टर की हवेली। स्विमिंग पूल के किनारे पार्टी चल रही है। एक तरफ जॉन प्रोफ्यूमो हैं। वह ब्रिटेन के युद्ध मंत्री हैं और नाटो की परमाणु रणनीति जानते हैं। यह ब्रिटिश सरकार का सबसे संवेदनशील पद है। दूसरी तरफ-क्रिस्टीन कीलर। उन्नीस साल। नाइट क्लब की पूर्व नर्तकी। और, तीसरा पात्र है येव्गेनी इवानोव। सोवियत नौसेना के साथ जुड़ा है। मगर हकीकत में जीआरयू, यानी सोवियत सैन्य खुफिया का जासूस है।

कीलर का कारनामा हैरतंगेज है। वह प्रोफ्यूमो के साथ भी है, इवानोव के साथ भी। दोनों के साथ अंतरंग रिश्ते। एक ही वक्त में। 1963 में खुलासा हुआ। प्रोफ्यूमो ने संसद में कहा-‘कोई अनुचित संबंध नहीं था।’ झूठ। पांच जून, 1963 को इस्तीफा। प्रधानमंत्री मैकमिलन की सरकार हिल गई। अक्तूबर में मैकमिलन ने इस्तीफा दिया। 1964 में लेबर पार्टी की सरकार बनी। एक स्विमिंग पूल। एक लड़की। एक जासूस। और, ब्रिटेन की सरकार गिर गई। टाइम मशीन में हैं, तो लगे हाथ अमेरिका भी हो आते हैं।

तीन मई, 1987। वाशिंगटन। यहां गैरी हार्ट चर्चा में हैं। कोलोराडो के सीनेटर। अमेरिका के अगले राष्ट्रपति-सारे सर्वे यही कह रहे थे। डेमोक्रेटिक पार्टी के सबसे बड़े दावेदार। युवा। करिश्माई। और इतने बेखौफ कि न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि तलाश करो, मेरा पीछा करो। कुछ नहीं, बस बोरियत मिलेगी। न्यूयॉर्क टाइम्स ने पीछा नहीं किया। मियामी हेराल्ड ने किया। एक टिप मिली, तो हार्ट के वाशिंगटन वाले घर के बाहर पत्रकार तैनात हो गए। अंदर से निकली-डोना राइस। मॉडल। उनतीस साल। फिर, एक तस्वीर आई, हार्ट की गोद में डोना राइस, एक नाव पर। नाव का नाम था ‘मंकी बिजनेस’। बस बहत्तर घंटे में सब पलट गया। अमेरिका के अगले राष्ट्रपति का भविष्य केवल बहत्तर घंटों में खत्म हो गया। टाइम मशीन वापस लौट रही है। जेनसन हुआंग, जिसने 2016 में खुद ओपनएआई को पहला सुपरकंप्यूटर पहुंचाया। जिसने जीपीयू का आविष्कार किया। वह गिरा-उसी जाल में, जिसमें शिमशोन गिरा था। जिसमें एंटनी गिरा था। जिसमें प्रोफ्यूमो गिरा। जिसमें गैरी हार्ट गिरा।

जाल हमेशा वही रहता है। गोद बदलती है-कभी दलीला की, कभी कीलर की, कभी एलिस हुआंग की। मगर पैटर्न नहीं बदलता। ताकतवर आदमी हमेशा सोचता है-मैं अपवाद हूं। मुझे कोई नहीं पकड़ सकता। हर बार जाल काम करता है और हर बार सच सामने आता है। डेनीज का वह बूथ अब भी सैन जोस में है, जहां हुआंग ने एनवीडिया का सपना रोपा था। बूथ वहीं है। मगर, हुआंग बेआबरू होकर अतीत की गर्त में उतर रहे हैं।
फिर मिलते हैं अगले सफर पर...

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed