Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Indian Mythology Andhaka to King Kansa blinded by arrogance of his position and power yaduvanhi shows mirror

जानना जरूरी है: अंधक का कंस को मुंहतोड़ जवाब, पद और शक्ति के अहंकार में मदांध कंस को किसने-कैसे दिखाया आईना?

Sun, 15 Nov 2026 05:19 AM IST
Ashutosh Garg आशुतोष गर्ग
Updated Sun, 15 Nov 2026 05:19 AM IST
सार

अंधक ने कंस को चेतावनी दी कि अहंकार के कारण स्वजनों से उसका द्वेष, राजधर्म से विमुखता और निरंतर क्रोध उसे विनाश की ओर ले जा रहा है।

विज्ञापन
Indian Mythology Andhaka to King Kansa blinded by arrogance of his position and power yaduvanhi shows mirror
मदांध कंस को वयोवृद्ध अंधक ने दिखाया आईना - फोटो : अमर उजाला प्रिंट-ग्राफिक्स

विस्तार

कंस ने अक्रूर को भेजकर कृष्ण और बलराम को मथुरा आने का निमंत्रण दिया था। कंस, वास्तव में कृष्ण को मरवा देना चाहता था। उसने भरी सभा में यादव कुल की जमकर निंदा की, जिसे सुनकर सभा में उपस्थित यदुवंशियों ने कान बंद कर लिए। वे समझ गए कि कंस ने अपने विनाश को स्वयं आमंत्रित कर लिया है। उसी सभा में अंधक नामक एक निर्भीक और वयोवृद्ध यादव भी उपस्थित थे।

विज्ञापन


उन्होंने जब कंस की अनर्गल बातें सुनीं, तो निर्भय होकर उससे कहा, ‘पुत्र! तुमने इतने समय तक जो भाषण दिया है, वह न तो सम्मान के योग्य है और न ही प्रशंसा के। अपने ही बंधु-बांधवों का अपमान करना किसी श्रेष्ठ पुरुष को शोभा नहीं देता। यदि तुम स्वयं को यादव नहीं मानते, तो कोई तुम्हें इस वंश में बने रहने के लिए बाध्य नहीं कर रहा। तुम अपनी इच्छा से जो चाहो, वह पहचान अपना सकते हो।’ अंधक ने आगे कहा, ‘तुम्हें अपने पद और शक्ति का अहंकार हो गया है। तुम जिन यादवों पर शासन कर रहे हो, उन्हीं का अपमान करके अपने कुल का विनाश करना चाहते हो। मनुष्य की पहचान उसके नाम, वेशभूषा या बाहरी रूप से नहीं, बल्कि उसके आचरण और गुणों से होती है। तुमने अहंकारवश वृद्धजनों और श्रेष्ठ पुरुषों का अपमान किया है, जो ब्रह्महत्या के समान अपराध है।’
विज्ञापन


फिर अंधक ने वसुदेव का पक्ष लेते हुए कहा कि अपने पुत्र की रक्षा करना पिता का अपराध नहीं हो सकता। यदि वसुदेव ने अपने पुत्र को बचाने के लिए उसे छिपा दिया था, तो इसमें अनुचित क्या था? पुत्र अपने पिता और पितरों को नरक से बचाता है, इसीलिए उसे पुत्र कहा गया है। तुमने कृष्ण और बलराम के जन्म से ही उनसे शत्रुता कर ली थी, इसलिए इस वैर का आरंभ तुमने ही किया है। वसुदेव का अपमान करके तुमने श्रीकृष्ण के क्रोध को और बढ़ा दिया है तथा समस्त यादवों के हृदय में भी आक्रोश उत्पन्न कर दिया है। इसके बाद अंधक ने मथुरा में दिखाई दे रहे अशुभ संकेतों का उल्लेख किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


वह बोले, ‘आकाश में राहु, मंगल, बुध और शुक्र की प्रतिकूल स्थितियां दिखाई दे रही हैं। धूमकेतु के प्रभाव से नक्षत्रों में अशुभ परिवर्तन हो रहे हैं। संध्याकाल में दिशाएं धूमिल पड़ती जा रही हैं।’

अंधक ने अपनी बात जारी रखी और कहा कि पशु-पक्षी असामान्य व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने संकेतों के बारे में बताते हुए आगे कहा, ‘एक भयानक सियार श्मशान से निकलकर नगर की परिक्रमा करता है और अपने मुख से अंगारों जैसी ज्वाला निकालता हुआ चीत्कार करता है। पृथ्वी और पर्वतों के शिखर कांप उठते हैं, आकाश से उल्काएं गिरती हैं और सूर्यग्रहण लगने से दिन में अंधकार छा जाता है। ये सभी संकेत किसी बड़े राजकीय विनाश की सूचना दे रहे हैं।’

अंधक ने कंस को चेतावनी दी कि स्वजनों से उसका द्वेष, राजधर्म से विमुखता और निरंतर क्रोध उसे विनाश की ओर ले जा रहा है। उसने अपने अहंकार में वसुदेव जैसे तेजस्वी और वृद्ध पुरुष का अपमान करके अपना ही अहित किया है। अब यादवों का स्नेह और समर्थन कंस के प्रति समाप्त हो चुका है। वे उसके पास एक क्षण भी बैठना नहीं चाहते। अंत में अंधक ने अक्रूर का स्मरण करते हुए कंस से कहा, ‘अक्रूर सौभाग्यशाली हैं, जो उन्हें वन में जाकर कमलनयन श्रीकृष्ण के दर्शन करने का अवसर मिला। यादव कुल की जड़ें कंस के कारण कमजोर हो चुकी हैं, लेकिन श्रीकृष्ण ही लौटकर बिखरे हुए बंधु-बांधवों को फिर एकत्र कर सकते हैं। वसुदेव ने तुम्हारे अपराध को क्षमा ही कर दिया था। परंतु, काल ने तुम्हारी बुद्धि नष्ट कर दी है, अत: तुम अनर्गल बातें कर रहे हो।


आखिर में अंधक ने कंस से कहा कि मेरा यही सुझाव है कि तुम तुरंत वसुदेव को साथ लेकर श्रीकृष्ण के पास जाओ और उनसे संधि कर लो। यह सुनकर कंस की आंखें क्रोध से लाल हो गईं। वह बिना कुछ कहे रोषपूर्वक उठकर अपने महल में चला गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed