उत्तराखंड के युवाओं को बड़ी सौगात, मिला पहला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
25 हजार दर्शकों की क्षमता वाले सूबे के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण कर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुक्रवार को युवाओं को बड़ी सौगात दी। इस दौरान स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के उद्घाटन के साथ ही उत्तराखंड में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभंकर-लोगो भी लांच हुआ।
उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम और क्रिकेट मैच का भी आयोजन हुआ। बॉलीवुड गायक अभिजीत सावंत ने अपनी मधुर प्रस्तुति से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, स्टेडियम में खेले गए मैत्री मैच में उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को 28 रनों से हराया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला भी उपस्थित रहे।
मैने अपना काम किया अब शुक्ला जी की बारी
शुक्रवार को रायपुर स्थित 237 करोड़ की लागत से बने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यह युवाओं के लिए सौगात है। हमने अपना काम कर दिया है और अब शुक्ला जी की बारी है।
सीएम ने कहा कि हमने अपना वादा पूरा किया और तय समय में स्टेडियम का निर्माण पूरा कर दिखाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश को कई खिलाड़ी दिए हैं। महेंद्र सिंह धोनी, पवन नेगी, रॉबिन बिष्ट, मनीष पांडे, एकता बिष्ट, ऋषभ पंत आदि यहां के कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो क्रिकेट में धमाल मचा रहे हैं।
बीसीसीआई से किया जल्द मान्यता देने का आग्रह
अब बीसीसीआई से आग्रह है कि वह राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम को जल्द मान्यता दे, ताकि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले खेलें जा सकें। स्टेडियम में हजारों दर्शक मैच देखने पहुंचे थे।
भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने हरीश रावत को स्टेडियम निर्माण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हमने गोवा, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड को एकसाथ मेजबानी दी थी। गोवा और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार होने के बावजूद वह तैयारी नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पिछले दो वर्षों से लगातार खेल सुविधाओं में विकास हुआ है। यह सिर्फ इसलिए संभव हो पाया कि मुख्यमंत्री की यह इच्छा थी।