2 साल के मासूम को अगवा कर मार डाला
नंदौली गांव निवासी किसान लाल सिंह लोधी के चार साल के बेटे आशीष के अलाव दो साल का बेटा मनीष भी था। वह गुरुवार सुबह घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया। पूरा दिन तलाश की जाती रही। शाम को घर से करीब एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में उसकी लाश मिली। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे के शरीर पर धारदार हथियार के निशान देखकर 100 नंबर पर सूचना दी। बच्चे के गले, जांघ पर घाव थे।
मनीष के चाचा नयन सिंह ने बताया कि नागपंचमी पर गांव के एक युवक ने नशे में पिता रामकिशोर से गाली गलौज की थी। विरोध करने पर झगड़ा हुआ था। उसने परिवार के किसी भी शख्स को मौत के घाट उतारने की धमकी दी थी। दूसरी ओर कुकर्म के बाद बच्चे की हत्या के कयास भी लगाए जा रहे हैं। कोतवाल सच्चिदानंद त्रिपाठी ने बताया कि छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी। परिजन जिन लोगों पर आशंका जता रहे हैं, उनकी भी तलाश की जा रही है।
-गन्ने के खेत में मिला बालक का शव, गले व जांघ पर थे घाव
-घरवालों ने गांव के ही युवक पर जताया शक, तीन हिरासत में