यहां तो दूल्हे के जेल जाने पर ही पक्का होता है रिश्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आमतौर पर जेल जाना हर किसी के लिए दुखदायी और शर्मनाक ही माना जाता है, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो जेल जाकर खुश होते हैं और अगर शादी न हो रही हो तो उनके नाम पर शादी की मुहर भी लग जाती है। सुनने में ये बात बेशक अटपटी लगे लेकिन है सच।
देश में एक अपराधिक गैंग ऐसा है जो जेल जाने में अपनी तौहीन नहीं तारीफ समझता है। इस गैंग के सदस्यों के लिए ये एक सम्मान की बात होती है और इससे ही उनकी शादी का रास्ता भी साफ होता है।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस ने लोगों से ठगी करने वाले छारा गैंग के कुछ सदस्यों को पकड़ा। जब उनसे पूछताछ हुई तो अजीबोगरीब बात सामने आई।
गैंग के सरगना अजय माचरोकर से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि लोगों से ठगी वह पैसा कमाने के लिए नहीं करते बल्कि अपनी बिरादरी में अपना प्रभुत्व जमाने के लिए करते हैं।
जेल जाने से ही तय होती है सामाजिक हैसियत
अजय ने बताया की वो लोग आमतौर पर छोटी मोटी ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं जिसका प्रमुख उद्देश्य जेल जाना ही होता है। जब बिरादरी में लड़का जवान होता है तो उसकी शादी उसकी कमाई देखकर नहीं यह देखकर ही की जाती है कि वो किसी मामले में कभी जेल गया या नहीं।
ठगने में जो जितना तेज माना जाएगा उसे शादी में उतना ही महत्व दिया जाता है। अजय के अनुसार वो लोग मूलरूप से गुजरात के सरदानगर क्षेत्र के रहने वाले हैं जहां उनके समुदाय के काफी लोग अभी भी रहते हैं।
हालांकि गुजरात के अलावा मध्यप्रदेश और उससे लगते छत्तीसगढ़ के इलाकों में भी उनकी बिरादरी के काफी लोग रहते हैं। छारा एक घुमंतू बिरादरी है जो समय समय पर अपने रहने के ठिकाने बदलती रहती है।
पुलिस ने अजय के साथ गिरफ्तार किए गए प्रतीक और विजय को भी जेल भेज दिया है। प्रतीक और विजय वाहन चोरी का काम भी करते हैं। गैंग में प्रतीक ही ऐसा है जिसकी अभी शादी नहीं हुई है, माना जा रहा है कि इस वारदात में जेल जाने के बाद उसकी शादी भी पक्की हो जाएगी।