छत्तीसगढ़ : मंत्रिमंडल निर्धारित करने में फंसी कांग्रेस नए फार्मूले से हल करेगी समस्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 12 मंत्री होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू मंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। अब 10 मंत्री और बनाए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में इस बार कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिला है। 90 में से 68 विधायक कांग्रेस के हैं। कई दिग्गज और पुराने नेता के साथ सक्रिय और लोकप्रिय युवा चेहरे भी चुनाव जीत कर आए हैं।
कांग्रेस ने राज्य की 10 एससी सीटों में से 7 जीती हैं। 27 आदिवासी और छह ब्राह्मण विधायक भी कांग्रेस के पास हैं। सभी जातियों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को मंत्रिमंडल में स्थान देना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती है। कहा जा रहा है, इस कारण कांग्रेस ने लोकसभा क्षेत्र को इकाई मानकर विधायकों को मंत्री बनाने का फार्मूला निकाला है।
राज्य में 11 लोकसभा सीटें हैं। 2019 में लोकसभा चुनाव भी होने हैं, इस कारण बड़े नेताओं ने यह फॉर्मूला निकाला है। इससे मंत्रिमंडल में पुराने और नए विधायकों को स्थान मिल जाएगा। बिलासपुर लोकसभा से कांग्रेस के शैलेष पांडे और रश्मि सिंह जीते हैं। दोनों नए हैं। दोनों में से एक का मंत्री बनना तय है। महिला कोटे के चलते रश्मि का पलड़ा भारी है।
सरगुजा से टीएस सिंहदेव मंत्री बन गए हैं, फिर भी एक आदिवासी नेता को मौका मिलेगा। क्योंकि सरगुजा संभाग से कांग्रेस को क्लीन स्वीप मिला है। रायपुर लोकसभा से डर शिव डहरिया या कुलदीप जुनेजा को मंत्री बनाया जा सकता है। बस्तर से दो आदिवासी विधायक मंत्री बनेंगे। इसके लिए लखेश्वर बघेल और मोहन मरकाम टॉप पर हैं। विवाद के कारण यहाँ दिग्गजों की जगह साफ सुथरी छवि को प्राथमिकता दी जा रही है।
राजनांदगांव लोकसभा से मोहम्मद अकबर का मंत्री बनना तय है। दुर्ग लोकसभा से ताम्रध्वज मंत्री बन गए हैं, इस कारण अब वहां से कोई मंत्री नहीं बनाया जाएगा। महासमुंद क्षेत्र से अमितेश शुक्ला मंत्री बन सकते हैं। जांजगीर से डॉ चरणदास महंत का स्पीकर बनना लगभग तय है। वहां से कोई मंत्री नही बनाया जाएगा। कोरबा क्षेत्र से जयसिंह अग्रवाल, रायगढ़ से रामपुकार सिंह का नाम है।
वरिष्ठतम कांग्रेस विधायक राम पुकार सिंह होंगे प्रो-टेम अध्यक्ष
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के वरिष्ठतम विधायक रामपुकार सिंह प्रो-टेम स्पीकर होंगे। प्रो-टेम अध्यक्ष ही निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ विधानसभा का पहला सत्र जनवरी के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है।