Bilaspur: कन्हैया कुमार की सभा के बाद पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला, भाजपा ने दर्ज कराई एफआईआर
बिलासपुर के भदौरा में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की आमसभा के बाद नारे के अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने को लेकर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान भी कर ली है।
विस्तार
बिलासपुर के भदौरा में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की आमसभा के बाद नारे के अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने को लेकर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान भी कर ली है। आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
दरअसल पीएम मोदी को गाली देने का वीडियो बीजेपी ने सोशल मीडिया में एक्स पर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए थे और पुलिस को शिकायत दी थी। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान मस्तूरी विधानसभा के भदौरा में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव के समर्थन में शनिवार को कन्हैया कुमार की सभा थी। कन्हैया कुमार सभा के बाद जब पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे, तब ही पत्रकारों की तरफ पीछे खड़े किसी युवक ने नारे के अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दे दी। यह वाकया पत्रकारों के कैमरों में कैद हो गया।
छत्तीसगढ़ बीजेपी ने इस गाली वाले अंश का वीडियो सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा "घिनौनी कांग्रेस, कांग्रेस के टुकड़े टुकड़े गैंग वाले नेता के समक्ष प्रधानमंत्री को मां की गाली दी गयी और वहां मौजूद कांग्रेसियों ने इस पर कुछ नहीं कहा। देश देख रहा है कि कैसे ये मानसिक तौर पर दिवालिया पार्टी महिलाओं के प्रति अपनी सोच प्रदर्शित कर रही है"। मामले में बीजेपी ने पुलिस को लिखित शिकायत की है जिस पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।