चंडीगढ़ में फिर बढ़ने लगी सख्ती: मास्क पहनने के बाद ही सरकारी दफ्तरों में मिलेगा प्रवेश, मगर अभी चालान नहीं कटेगा
सार्वजनिक परिवहन जैसे बस, ट्रेन, एयरक्राफ्ट व टैक्सी आदि में मास्क का इस्तेमाल करने की चेतावनी दी गई है। सिनेमा हाल, शॉपिंग मॉल्स व डिपार्टमेंटल स्टोर में भी मास्क लगाने को कहा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के कई राज्यों में कोरोना की रफ्तार एक बार फिर बढ़ने लगी है। यूटी प्रशासन ने दो हफ्ते पहले ही शहरवासियों को मास्क से आजादी दी थी लेकिन अब धीरे-धीरे मास्क की वापसी होने लगी है। जो मास्क पहन कर नहीं आएंगे, उन्हें सरकारी दफ्तरों में प्रवेश भी नहीं मिलेगा। सलाहकार धर्मपाल ने कहा है कि सीटीयू बस, सरकारी दफ्तर व सार्वजनिक जगहों पर बिना मास्क घूम रहे लोगों को रोका व टोका जाएगा। हालांकि अभी चालान नहीं काटा जाएगा।
प्रशासन अभी सिर्फ लोगों को जागरूक कर रहा है कि वो मास्क लगाएं लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया जाएगा और जो मास्क नहीं लगाएगा, उसका चालान भी होगा। सलाहकार धर्मपाल का कहना है कि कोरोना की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि जिन्होंने टीका नहीं लगवा, वो जल्द लगवा लें क्योंकि कोरोना को मास्क और टीकाकरण से ही हराया जा सकता है।
बता दें कि सोमवार को भी प्रशासन की तरफ से लोगों को हिदायत दी गई है कि वह भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करें ताकि संक्रमण को रोका जा सके। खासतौर से सार्वजनिक परिवहन जैसे बस, ट्रेन, एयरक्राफ्ट व टैक्सी आदि में मास्क का इस्तेमाल करने की चेतावनी दी गई है। सिनेमा हाल, शॉपिंग मॉल्स व डिपार्टमेंटल स्टोर में भी मास्क लगाने को कहा गया है। क्लास रूम, ऑफिस रूम व इंडोर गैदरिंग में मास्क लगाने की हिदायत दी गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से यह एडवाइजरी है। अभी इसे अनिवार्य नहीं किया गया है।
चौथी लहर का खतरा बढ़ा, मास्क और सामाजिक दूरी का पता नहीं
कोरोना की चौथी लहर के खतरे के बीच अस्पतालों में मरीज व तीमारदार संक्रमण से बचाव के मानकों को दरकिनार कर रहे हैं जबकि अस्पताल संक्रमण फैलने का सबसे बड़ा माध्यम कहा जा रहा है। मास्क और सामाजिक दूरी का अब किसी को ख्याल नहीं रहा। विशेषज्ञों ने अप्रैल के अंत तक संक्रमण दर में इजाफा होने की आशंका पहले ही जता रखी है। उधर, स्वास्थ्य निदेशक ने मंगलवार को सभी विभागों के कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा है कि सामाजिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजेशन के नियम का पालन करें। इसके अलावा कोरोना टीके की खुराक जल्द से जल्द लगवा लें।
पीजीआई सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉ. रविंद्र खैवाल का कहना है कि कोरोना मानक का पालन हम अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करते हैं। अगर लोग यह सोचने लगे हैं कि उन्हें संक्रमण नहीं होगा क्योंकि वे टीका लगवा चुके हैं तो गलत है। यह बात याद रखनी होगी कि परिवार में छोटे बच्चे भी हैं। उन्हें अब तक टीका नहीं लगा है। बुजुर्ग भी हैं, जो किसी न किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं इसलिए मास्क पहनने को आदत में शामिल करें।
पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विपिन कौशल ने बताया कि महामारी से बचाव के लिए पीजीआई हर स्तर पर तैयार है लेकिन जनता को यह प्रयास करना चाहिए कि संक्रमण की स्थिति ही उत्पन्न न हो ताकि गैर कोविड मरीजों के इलाज से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें क्योंकि संक्रमण के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान गैर कोविड मरीजों को होता है। भीड़ वाली जगहों, खासतौर पर अस्पताल, बाजार या समारोह में मास्क लगाकर ही जाएं। भीड़ वाली जगह पर देर तक न रुकें।
कोरोना के खतरे को देखते हुए जनता से अपील की जा रही है कि वे मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें। कोरोना का टीका जल्द से जल्द लगवाएं। खासतौर पर बच्चों के टीकाकरण को लेकर अनदेखी न करें। -डॉ. सुमन सिंह, निदेशक स्वास्थ्य
कोरोना का एक मरीज मिला
चंडीगढ़ में मंगलवार को कोरोना का एक मरीज मिला जबकि 7 दिन की अवधि पूरी करने पर एक मरीज को छुट्टी दे दी गई। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 21 रह गई है। संक्रमण दर भी 0.10 प्रतिशत है। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे के दौरान 971 लोगों की जांच की, जिनमें से एक पुरुष में संक्रमण की पुष्टि हुई। पीजीआई में दो व जीएमसीएच-32 में तीन संक्रमित भर्ती हैं। इन पांचों मरीजों को ऑक्सीजन बेड पर भर्ती किया गया है। वहीं, पीजीआई के आईसीयू में एक मरीज का इलाज किया जा रहा है।