हरियाणा के कई जिलों में आग का तांडव, गेहूं की 1650 एकड़ फसल जलकर राख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आंधी-बारिश के बाद अब आग किसानों पर आफत बनकर टूटी है। कैथल, रोहतक, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी, सोनीपत, झज्जर समेत कई जिलों के खेतों में शनिवार को आग लगने से करीब 1650 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। विभिन्न कारणों से आग लगने के बाद दिनभर चली तेज हवा आग को भड़काती रही।
शाम तक आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। किसानों ने सरकार से मुआवजा देने की मांग की है। कैथल जिले के छह गांवों में अचानक लगी आग से करीब 1000 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल व सैकड़ों एकड़ में फाने जलकर राख हो गए। पूंडरी क्षेत्र में आग ने कैथल सीमा पार करनाल की सीमा में भी तांडव मचाया।
आग को शहर में घुसने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हवाएं करीब 35 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलीं, जिसके कारण आग रुकने की बजाए आगे से आगे बढ़ती रही और एक के बाद एक खेतों को चपेट में लेती रही। किसानों का दावा है कि उन्हें करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
एसडीएम ने गिरदावरी के आदेश दिए हैं। उधर, करनाल के निसिंग क्षेत्र में खेत में लगी आग गांवों तक पहुंच गई। आग पर काबू पाते समय हैरो की चपेट में आने से पांच किसान घायल हो गए। हिसार के नारनौंद क्षेत्र के चार गांवों में गेहूं की 40 एकड़ फसल जल गई। उधर, सोनीपत के तीन गांवों में आग से 105 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं 300 एकड़ से अधिक में फांस भी जलकर राख हो गए।
झज्जर जिले के बेरी में शॉर्ट-सर्किट के कारण गेहूं की 13 एकड़ फसल में आग लग गई। फतेहाबाद के टोहाना के गांव गाजूवाला में आग से करीब 100 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका। इसी तरह रोहतक जिले में सांपला के तीन गांवों में गेहूं की 250 एकड़ फसल जल गई।
चरखी दादरी के आधा दर्जन गांवों में खेतों में आग लगने से करीब 150 एकड़ की गेहूं फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा ऐलनाबाद समेत कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुईं, जिनसे फसलों को नुकसान पहुंचा है।