बदल रहा मौसम का मिजाज: चंडीगढ़ में रातें हुईं गर्म, अधिकतम तापमान सामान्य से कम; आगे भी नहीं मिलेगी राहत
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकलें। खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल रहा है। जहां दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया जा रहा है, वहीं रातें अपेक्षाकृत अधिक गर्म हो रही हैं। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है।
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन बीते 24 घंटों में इसमें लगभग 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। वहीं, न्यूनतम तापमान जो एक दिन पहले 26 डिग्री सेल्सियस था, बढ़कर 29.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। हालांकि, रविवार को गर्मी की दस्तक के चलते लोगों ने घरों से निकलना कम ही पसंद किया, जिससे सड़कें और बाजार सुनसान दिखे। शाम के समय हालांकि भीड़ बढ़ी। लोग अपने घरों से बाहर निकले। सुखना लेक से लेकर सेक्टर-17 मार्केट तक लोग परिवार और दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करते नजर आए।
फिर बढ़ेगा तापमान, 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकलें। खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि यह समय दिन का सबसे गर्म हिस्सा होता है। पिछले साल 18 मई को पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है और यह 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है और यह 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
आगामी चार दिन का पूर्वानुमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
20 मई 41 31
21 मई 40 29
22 मई 40 27
23 मई 42 29