अमृतसरः वॉर मेमोरियल में लड़े गए 400 वर्ष के युद्धों का इतिहास दर्शाती गैलरी उद्घाटन को तरसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के पहले वॉर मेमोरियल में कारगिल युद्ध के इतिहास की जानकारी देने के लिए पंजाब के अमृतसर में बनाई गई कारगिल गैलरी उद्घाटन के इंतजार में है। अटारी बाईपास स्थित नारायण गढ़ चौक में 120 करोड़ से बीते 400 वर्षों के दौरान हुए युद्धों की कहानी बयां करती नौ गैलरियों की स्थापना की गई है। इनमें से एक गैलरी कारगिल के युद्ध की है।
तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को देखने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मई 2018 में वॉर मेमोरियल का दौरा किया था। इस वॉर मेमोरियल के रखरखाव की जिम्मेदारी निभा रहे पूर्व सैनिक अधिकारियों ने गैलरियों के काम को पूरा करने के लिए 28 करोड़ की राशि की मांग की थी।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आठ करोड़ की राशि जारी की थी। इस राशि से गैलरी का काम पूरा हो चुका है। इस गैलरी का रखरखाव कर रहे कर्नल एचपी सिंह ने अमर उजाला को बताया की उद्घाटन के लिए प्रदेश सरकार को पत्र लिखा गया है।
इस गैलरी में प्रवेश द्वार पर भारतीय सेना के जवानों के बलिदान व बहादुरी के प्रतीक इंडिया गेट के एक बड़े मॉडल के साथ एक लड़ाकू विमान के मॉडल को रखा गया है। गैलरी के मुख्य प्रवेश द्वार पर तिरंगे के साथ कारगिल में बनाए गए युद्ध स्मारक की झलक देखने को मिलती है। दरवाजा खुलते ही सामने सियाचिन की बड़ी-बड़ी पहाड़ियों के दृश्य हैं।
सियाचिन की लड़ाई के हीरो परमवीर चक्र बाना सिंह की बहादुरी के किस्से इसमें बताए गए हैं। इसी गैलरी में कारगिल की अलग-अलग पहाड़ियों पर हुए युद्ध के दृश्य हैं। टाइगर हिल में भारतीय सेना व पाकिस्तानियों के बीच हुए युद्ध के दौरान वीर गति को प्राप्त हुए कैप्टन बिक्रम बत्रा व उसके साथियों के इस पहाड़ी को फतेह करने के दृश्य हैं।
कारगिल से पहले के युद्धों के बारे में भी बड़े-बड़े पोस्टर फ्रेम लगाकर जानकारी दी गई है। कर्नल एचपी सिंह ने बताया कि कारगिल के टाइगर हिल में भारत-पाकिस्तान के बीच भयंकर युद्ध हुआ था। टाइगर हिल का कब्जा वापस लेने के लिए कई कुर्बानियां दी गईं।
गैलरी में कारगिल पर बनी फिल्म दिखाई जाएगी
इस गैलरी में कारगिल युद्ध के इतिहास को चित्रों, कलाकृतियों और 2डी और 3डी के अनुमानों में प्रदर्शित किया जाएगा। कारगिल युद्ध पर एक दस्तावेजी फिल्म भी बनाई गई है। गैलरी में इस फिल्मों को देखकर दर्शकों को युद्ध का जीवंत अनुभव होगा। इस गैलरी में भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर के दृश्य भी होंगे। जिस प्रकार कारगिल के युद्ध के दौरान सेना के जवानो ने रसियों के सहारे पहाड़ियां चढ़ीं, उसके दृश्य भी होंगे। इस दृश्यों को बनाने में फाइबर का प्रयोग किया गया है।
चौथी गैलरी अधूरी, सरकार से मांगे डेढ़ करोड़
वॉर मेमोरियल की चौथी गैलरी में बैटल ऑफ सारागढ़ी और जलियांवाला बाग हत्याकांड का वृत्तांत दिखाया जाना है। इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है, क्योंकि फंड की कमी आ गई है। कर्नल एचपी सिंह का कहना है की उन्होंने सरकार को पत्र लिख कर डेढ़ करोड़ की राशि की मांग की है, ताकि इस गैलरी का निर्माण पूरा हो सके।