पंजाबः बेअदबी पर सिखों में गुस्सा बढ़ा, एक मौत, बड़ी घटनाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी पर सिखों में गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिन कई बड़ी घटनाएं अंजाम दी गईं। रविवार को पंजाब के विभिन्न जगहों पर सिख संगत ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। फिरोजपुर में बेअदबी के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे तरनतारन निवासी पूर्ण सिंह (57) की मौत हो गई।
फिरोजपुर में हरिके हेड पर बीते 72 घंटे से लगभग तीस हजार सिख संगत धरना दे रहे हैं। विभिन्न गांव के गुरुद्वारों से ग्रामीणों को सूचना दी जा रही है कि वे अपने-अपने घरों से रोटी बनाकर गुरुद्वारे में दें ताकि हरिके हेड पर बैठी संगत तक लंगर पहुंचाया जा सके। हरिके हेड पर धरना के कारण फिरोजपुर की तहसील जीरा तक ट्रकों का जाम लगा हुआ है।
मक्खू-जालंधर रोड से गिदड़पिंडी तक ट्रकों का जाम है। करतारपुर में रविवार को सिख संगठनों ने पहले करतारपुर-अमृतसर हाईवे को आधे घंटे बंद रखा। दोपहर बाद ढिलवां रोड पर जमा लगा दिया। इस दौरान सिविल वर्दी में तैनात पंजाब पुलिस का सिपाही जगमोहन सिंह उनका वीडियो बनाने लगा। उसे देखकर भीड़ भड़क गई और उस पर तलवारों से हमला कर दिया।
उधर, श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि श्री गुरुग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों के साथ जो भी गलत हो रहा है, वह दुखदायी है। इससे सिख कौम निराश है। सिख कौम इन मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार करवाने के लिए सरकार को सहयोग दे।
मोगा में कमेटी सदस्य की गाड़ी तोड़ी, तलवारें लहराईं
श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का विरोध बढ़ता जा रहा है। रविवार को नाराज युवकों ने अमृतसर रोड में एक प्राइवेट अस्पताल में टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के उद्घाटन समागम में पहुंचे तलवंडी भाई से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य सतपाल सिंह की गाड़ी तोड़ दी। उन्होंने गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाई।
इसके अलावा एसजीपीसी सदस्य तरसेम सिंह रत्तियां को कई घंटे अस्पताल में छुपकर बैठना पड़ा और उन्हें अस्पताल के पिछले दरवाजे से निकाला गया। उनकी गाड़ी काउंसिलर कुलविंदर सिंह ने बाहर निकालकर घर पहुंचाई। इसी समागम में शिक्षा मंत्री दलजीत सिंह चीमा और कृषि मंत्री जत्थेदार तोता सिंह को आना था लेकिन उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
गांव बघेलेवाला में नौजवानों ने सीएम और डिप्टी सीएम की फोटो लगे शिनाख्ती कार्ड फाड़ कर अकाली दल के खिलाफ रोष जाहिर किया। सिख संगठनों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के रोष में धरना जारी रखा। मोगा-लुधियाना मार्ग स्थित अजीतवाल और लिंक सड़कों समेत 17 स्थानों पर देर शाम तक धरना जारी रहा।
दोपहर बाद मोगा-बरनाला मार्ग, हिम्मतपुरा पुल और निहाल सिंह वाला से धरना समाप्त कर दिया गया। यहां बसें बंद रही, लेकिन नौजवानों की टोलियां तेजधार हथियार लेकर घूमती रहीं।
सीसीटीवी लगाकर ठीकरी पहरा दिया गया
नए माडल टाउन में गुरुद्वारा गुरु अर्जन देव जी में स्थानीय सीआईडी यूनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह और गुरुद्वारा कमेटी प्रधान भूपिंदर सिंह के नेतृत्व में गुरुद्वारा साहिब में सीसीटीवी कैमरा लगाकर बीती रात ठीकरी पहरा दिया गया।
डीसी परमिंदर सिंह गिल ने गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथियों और मंदिरों के पुजारियों को धार्मिक स्थान में सुरक्षा के लिए आठ घंटे ड्यूटी करने के अलावा रोज सुबह लोगों को शांति बनाई रखने की अपील संबंधित पत्र जारी किया।
इस पत्र के अनुसार ग्राम पंचायतों और काउंसिल के जरिये गुरुद्वारा साहिब, मंदिर, मस्जिदों, डेरा और गिरिजाघर आदि धार्मिक स्थान की सुरक्षा के लिए कम से कम 20 युवाओं से ठीकरी पहरा लगाने को कहा गया है।
काउंसिल उपाध्यक्ष पर कातिलाना हमला
तरनतारन के गांव बाठ में श्री गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी के रोष में सिख जत्थेबदियों ने चौथे दिन भी शहर को बंद कराया। वहीं मुरादपुरा में नगर काउंसिल के उपाध्यक्ष बलदेव सिंह बिल्ला के निवास पर सिख जत्थेबंदियों ने उनके घर के बाहरी दरवाजे को बंद कराने को लेकर उन पर कातिलाना हमला करने का समाचार मिला है।
बलदेव सिंह बिल्ला ने बताया कि उनके घर के मुख्य दरवाजे पर शटर लगा हुआ है। शटर बंद करने को लेकर सिख जत्थेबंदियो के 30-35 युवाओं ने उनके साथ बदसलूकी की। बिल्ला ने कहा कि उन्होंने सिख जत्थेबंदियो के प्रतिनिधियों को कहा कि यह शटर घर के अंदर जाने के लिए है। इसके बाद युवाओं ने उन्हें और उनके साथियों पर कातिलाना हमला करते हुए हवाई फायर किए व उनकी गाड़ी की तोड़फोड़ भी की।
उन्होंने सरकार से मांग की कि इस घटना पर जल्द कोई कार्रवाई करे। उन्होने कहा कि भगवान वाल्मीकि क्रांति सेना, भगवान वाल्मीकि शक्ति दल, मुरादपुरा स्थित अन्य धार्मिक संस्थाओं के साथ मुरादपुरा के कुल 4 वार्डों के 10 हजार लोग एक मंच पर एकत्रित है और आने वाली किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एक साथ है।
तरनतारन में हथियार लेकर घूमे प्रदर्शनकारी
श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हुई बेअदबी को लेकर लगातार पिछले 4 दिनों से शहर का माहौल पूरी तरह से गर्मा गया है। सिख जत्थेबंदियों ने शहर को पूरी तरह से बंद कराया। शहर में हथियारों से लैस होकर घूम रहे अलग-अलग जत्थेबदिंयो के प्रतिनिधियों ने जबरदस्ती डरा कर दुकानें बंद कराईं।
बाजार पूरी तरह से बंद रहने के कारण लोगों को घरेलू सामान, सब्जियां, दूध आदि नही मिला। वहीं समाचारपत्रों को भी शहर में नहीं आने दिया गया। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह जब लोग अखबार लेने के लिए बाजार गए तो वहां उन्हें हड़ताल होने के कारण कोई भी समाचारपत्र नही मिला। लोगों सरकार से मांग की कि जलद से जल्द इस घटना के प्रति कोई ठोस कदम उठाया जाए।