बेटियों के जन्म पर ये अनूठी पहल दिलाएगी पैसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेटियों के सम्मान में युवा क्लब ने अनूठी पहल करते हुए दंपतियों को शगुन के तौर पर 11 हजार 111 रुपये देने का ऐलान किया है। ये राशि उन दंपतियों को दी जाए, जो कन्या के जन्म पर कुआं पूजन करेगा। साथ ही दंपति को स्मृतिचिन्ह भी दिया जाएगा।
ये अनूठी पहल हरियाणा के आदमपुर जिले के गांव ढाणी मोहब्बतपुर में शुरू हुई है। शगुन की राशि का खर्च दंपति की ओर से बेटी की पहली कक्षा की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा। देश में 22 जनवरी से पीएम मोदी द्वारा शुरू की जा रही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना से प्रेरित होकर गांव के आजाद हिंद युवा क्लब ने यह अनूठी पहल की है। बृहस्पतिवार को हुई युवा क्लब की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
क्लब की अध्यक्ष संतोष वर्मा ने बताया कि यदि कोई दंपति लड़की के जन्म पर कुआं पूजन करता है, तो युवा क्लब की तरफ से उसे 11 हजार 111 रुपये का चेक दिया जाएगा। चेक पर बेटी के पांचवें जन्मदिन की तारीख लिखी होगी। राशि का प्रयोग दंपति की ओर से बेटी की पहली कक्षा की शिक्षा पर खर्च किया जा सकेगा।
11 जनवरी से होगी मुहिम की शुरुआत
अध्यक्ष ने बताया कि इस मुहिम का मुख्य मकसद लोगों में कन्या भ्रूण हत्या के प्रति जागरुकता लाना है। इससे लोगों में बेटियों के प्रति सम्मान की भावना भी जागृत होगी। वहीं लोगों को बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए भी प्रेरित किया जा सकेगा।
क्लब के प्रवक्ता ज्ञानीराम ने बताया कि इस मुहिम की शुरुआत 11 जनवरी को गांव में राधेश्याम नाई के घर बेटी जन्म पर होने वाले कुआं पूजन के कार्यक्रम से की जाएगी। युवा क्लब का प्रयास होगा कि गांव में पैदा होने वाली हर बेटी के जन्म पर कुआं पूजन हो, ताकि समाज में बेटा-बेटी के बीच होने वाले भेदभाव को समाप्त किया जा सके।
गांव में बनेगा लाडो क्लब
गांव में जल्द ही शिक्षित महिलाओं व लड़कियों को साथ लेकर ‘लाडो क्लब’ का गठन किया जाएगा। यह क्लब गांव में लोगों को कन्या भ्रूण हत्या के प्रति जागरूक करने के साथ बेटी के जन्म पर कुआं पूजन और खुशियां मनाने के लिए प्रेरित करेगा। संतोष वर्मा ने बताया कि यह लाडो क्लब ग्रामीणों को लड़कियों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी देगा।
सुमन देवी, सरपंच, ढाणी मोहब्बतपुर के अनुसार युवा क्लब की इस मुहिम से न केवल लोगों में कन्या भ्रूण हत्या के प्रति जागरुकता आएगी, बल्कि लोग बेटियों की शिक्षा के प्रति भी जागृत होंगे। समाज में बेटा व बेटी के बीच होने वाला भेदभाव समाप्त होगा।