जींद में बड़ा हादसाः मिट्टी का तोंदा गिरने से बिहार के दो मजदूरों की दबकर मौत, एक बाल-बाल बचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निडानी गांव में भाई सुरेंद्र सिंह मेमोरियल खेल स्कूल में राज मिस्त्री के साथ काम कर रहे दो मजदूरों की मिट्टी के तोंदे के नीचे दबने से मौत हो गई। मजदूर एक सप्ताह से यहां पर काम कर रहे थे। इस दीवार के निर्माण के लिए एक राज मिस्त्री और छह मजदूर लगे हुए थे। इनमें दीवार के साथ मिट्टी की कुटाई करने के लिए तीन मजदूर लगे हुए थे।
मिट्टी की कुटाई करने वालों में दो सगे भाई संतोष और विनोद तथा एक अन्य झामलाल लगे हुए थे। तीनों मजदूर बिहार के बेतिया जिले के पुरुषोत्तमपुर गांव के थे। कार्य के दौरान अचानक मिट्टी का तोंदा गिर गया, जिससे तीनों मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि विनोद को सकुशल निकाल लिया।
विनोद ने बताया की वह निडानी के भाई सुरेंद्र सिंह मेमोरियल खेल स्कूल में पिछले सात दिन से मजदूरी कर रहा थे। यहां पर स्कूल की चहारदीवारी के पास के खेत मालिक ने ज्यादा मिट्टी उठाई हुई थी। इससे चहारदीवारी के गिरने की संभावना थी। चहारदीवारी को सहारा देने के लिए सपोर्ट वॉल बनाई जा रही थी। इसके लिए नींव की खुदाई करने के बाद मिट्टी की कुटाई की जा रही थी।
कुछ दीवार का निर्माण भी कर लिया गया था। इसके बाद जब वह बुधवार को मिट्टी की कुटाई कर रहे थे तो अचानक मिट्टी मिट्टी का तोंदा गिरने से वह और साथ काम कर रहा उसका भाई और एक अन्य मिट्टी के नीचे दब गए। वह तो खुद सुरक्षित खुद ही निकल गया, मगर उसका भाई संतोष व उसके गांव का ही झामलाल बुरी तरह से घायल हो गए।
दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने विनोद की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया। सदर थाना प्रभारी देवीलाल के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। उनके बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन अन्य मजदूर कुछ ही समय पहले हटे थे काम से
दीवार के साथ काम कर रहे छह मजदूरों में से तीन मजदूर कुछ ही समय पहले वहां से हटकर कुछ दूरी पर दूसरा काम करने लगे थे। तीन मजदूर वहां पर मिट्टी की कुटाई का काम कर रहे थे और अचानक मिट्टी का तोंदा गिरने से नीचे दब गए।
स्कूल प्रबंधक समिति देगी आर्थिक सहायता
स्कूल प्रबंधक समिति के सदस्य रणधीर व सूरजमल ने बताया कि स्कूल में कार्य के दौरान अचानक मिट्टी का तोंदा गिरने से दो मजदूरों की मौत हुई है। वह मृतकों के परिजनों को स्कूल की तरफ से आर्थिक सहायता देंगे।
स्कूल के साथ बनाई गई है मौत की खाई
मजदूरों के अनुसार स्कूल के साथ लगते खेत में करीब दस फुट गहरी मिट्टी की खुदाई कर मौत की खाई बनाई गई है। इससे स्कूल की दीवार को खतरा था और दीवार को मजबूती देने के लिए ही दूसरी दीवार बनाई जा रही थी, तभी हादसा हो गया।