Punjab Weather News: पंजाब में जानलेवा धुंध; हादसों में दो की मौत और 39 घायल, कल रेड अलर्ट जारी
अमृतसर व लुधियाना में शून्य, तो पटियाला में 10 मीटर, बठिंडा, आदमपुर व हलवारा में 50 मीटर से कम की दृश्यता दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में घनी धुंध के चलते बुधवार को लगातार दूसरे दिन दृश्यता शून्य रही। गुरुवार के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। धुंध के कारण सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं 39 लोग घायल हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। बुधवार सुबह नवांगांव-चीका रोड पर गांव टटियाना के नजदीक समाना से दिल्ली के लिए जा रही पीआरटीसी की बस की खड़ी ट्राली में टक्कर हो गई। हादसे में ट्राली सवार दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान चांदनी (17) और महेश (15) के तौर हुई है, जो प्रवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं, ट्राली में सवार तलकी देवी, मालती, अंजू, फुलवा के अलाला बस का चालक बलजिंदर सिंह व कंडक्टर गुरमीत सिंह घायल हैं। ट्राली में सवार लोग चीका के नजदीक एक ईंट भट्ठे में काम करते थे और वहीं के लिए जा रहे थे। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, तरनतारन में हुए हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं। जम्मू कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव ठठीयां महनता के पास निजी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बस में करीब 40 लोग सवार थे। घायलों में पंजाब पुलिस की महिला कांस्टेबल और सेहत विभाग से संबंधित कुछ कर्मचारी शामिल हैं।
अमृतसर-लुधियाना में दृश्यता जीरो
अमृतसर व लुधियाना में शून्य, तो पटियाला में 10 मीटर, बठिंडा, आदमपुर व हलवारा में 50 मीटर से कम की दृश्यता दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इसके तहत पंजाब के 16 जिलों अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, रूपनगर व पटियाला में सुबह व शाम के वक्त बेहद घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, पंजाब में 5.2 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ लुधियाना सबसे ठंडा रहा। लुधियाना का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
पंजाब में अभी तीन दिन और छाएगी धुंध
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के वैज्ञानिक शिवइंद्र के मुताबिक पंजाब में गुरुवार के लिए रेड और शुक्रवार व शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसलिए अगले तीन दिन लोगों को सावधानी के साथ वाहन चलाने की सलाह दी गई है। बारिश के बाद ही कोहरे से राहत मिल सकती है। 30 दिसंबर को सक्रिय होने जा रहे पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से कुछ जगहों पर ही हल्की बारिश होने की संभावना है।
कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनों की समयसारिणी, लंबी दूरी की ट्रेनें एक से 10 घंटे तक लेट
उत्तर भारत में तापमान में गिरावट व रात के समय पड़ रहे कोहरे ने सड़क यातायात के साथ रेल आवाजाही पर भी असर दिखाया है। कोहरा बढ़ने और दृश्यता घटने की वजह से ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। अधिक्तर ट्रेनें अपने तय समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं। इससे रेलवे विभाग के साथ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोहरे की वजह से बुधवार को अप और डाउन की लगभग सभी ट्रेनें प्रभावित हुईं। लंबी दूरी की ट्रेनें तय समय से कई घंटे की देरी से लुधियाना पहुंची, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के इंतजार में यात्री बार-बार पूछताछ केंद्र पर जाकर स्थिति की जानकारी लेते रहे, जिससे अंदर बैठा स्टाफ भी परेशान नजर आया।
वहीं आरक्षित टिकट पर सफर करने निकले यात्रियों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी और ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन परिसर में ही समय व्यतीत करते नजर आए। देर शाम तक ट्रेनों की समयसारिणी बुरी तरह से बिगड़ चुकी थी और अधिक्तर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से एक से 10 घंटे तक की देरी चल रही थी।