पंजाब: अबोहर में रोडवेज बस ने टेंपो को मारी टक्कर, दो दोस्तों की मौके पर ही मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना सदर इलाके की बल्लूआना कालोनी के पास शुक्रवार की सुबह रोडवेज बस की टक्कर से टैंपो सड़क किनारे खेत में गिर गया। हादसे में टैंपो सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना पाकर मौके पहुंचे थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज। पुलिस ने चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
मलोट निवासी करीब 35 वर्षीय पवन कुमार की शादी करीब पांच महीने पूर्व अबोहर के नानक नगरी गली नंबर 3 से हुई थी। शादी के दौरान दहेज में मिले गद्दों में कुछ कमी निकलने पर शुक्रवार सुबह पवन कुमार गांव कुम्हारखेड़ा निवासी अपने करीब 42 वर्षीय दोस्त गुरप्यार के साथ टैंपो पर लाद कर अबोहर आ रह था।
बल्लूआना कालोनी के पास पहुंचा तो पीछे से आई रोडवेज बस ने टैंपो में टक्कर मार दी। इससे टैंपो सड़क किनारे खेतों में जा गिरा। हादसे में टैंपो सवार पवन व गुरप्यार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पता चला है कि घटना के बाद चालक बस सहित भागने की फिराक में था। यात्रियों ने शोर मचाकर बस रुकवाई। बस चालक मौका पाकर फरार हो गया। घटना का पता चलते ही दोनों मृतकों के परिजन मलोट से अबोहर सरकारी अस्पताल पहुंच गए। वहीं पवन की ससुराल नानक नगरी निवासी भी कई लोगों ने अस्पताल पहुंच कर मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया।
ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार को कुचला, मौत
इधर, फिरोजपुर के थाना कैंट के अंतर्गत मिलिट्री अस्पताल के सामने ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर बाइक सवार 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। थाना कैंट पुलिस ने शुक्रवार आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में तरसेम कुमार निवासी लाल कुर्ती ने बताया उसके मामा का बेटा राकेश कुमार (32) पुत्र अशोक कुमार निवासी लालकुर्ती बाइक पर सवार होकर चुंगी नंबर आठ की तरफ से आ रहा था।
मिलिट्री अस्पताल के सामने ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को चपेट में ले लिया। सड़क पर गिरे राकेश के सिर के ऊपर से ट्रैक्टर-ट्राली का टायर गुजर गया। इससे राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जांच कर रहे एएसआई रेशम सिंह के मुताबिक तरसेम कुमार के बयान पर ट्रैक्टर-ट्राली चालक मनप्रीत सिंह निवासी नूरपुर सेठां के खिलाफ मामला दर्जकर उसकी तलाश की जा रही है।