चंडीगढ़। पुलिस विभाग में 700 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर सेक्टर-26 पुलिस लाइन में चल रही शारीरिक परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए हैं। सेक्टर 26 थाने में दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनकी पहचान सोनीपत के सोमबीर (23) और संदीप (35) के रूप में हुई है। पुलिस इन दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये दोनों उम्मीदवार सोनीपत के प्रिंस और एक अन्य वास्तविक अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने आए थे। बीते 9 अक्तूबर को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था। अब मामले में पुलिस वास्तविक अभ्यर्थियों की तलाश कर रही है। इस मामले की शिकायत चंडीगढ़ पुलिस की इंस्पेक्टर पूनम दिलावरी ने दी है। उनकी तैनाती पुलिस लाइन में रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग सेंटर में है। उनकी ड्यूटी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन और उपस्थिति जांचने की है। शारीरिक परीक्षा में आने वाले अभ्यर्थियों का पहले रोल नंबर और बॉयोमीट्रिक अटेंडेंस से मिलान होता है। प्रिंस की जगह परीक्षा देने आए अभ्यर्थी का अंगूठे का निशान मशीन पर मिलान नहीं कर रहा था। वहीं लिखित परीक्षा देने आए अभ्यर्थी और शारीरिक परीक्षा देने आए अभ्यर्थी की तस्वीरों का मिलान भी नहीं हुआ था। प्रिंस को शारीरिक परीक्षा के लिए 27 सितंबर को आना था मगर उसने चोट लगने की वजह बताकर आगे तारीख मांगी थी। इसके बाद 9 अक्तूबर को उसकी जगह फर्जी उम्मीदवार आया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि इससे पहले आयोजित एएसआई भर्ती की लिखित परीक्षा में भी दो फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए थे।