पंजाब की सरकार : भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में खर्च होंगे दो करोड़, 16 मार्च को है कार्यक्रम
आप के सभी नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में होगा शपथ ग्रहण समारोह।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से राजभवन में मुलाकात की और 92 नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया, जिसे मंजूर कर लिया गया है। शपथ समारोह 16 मार्च को दोपहर साढ़े 12 बजे शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। पंजाब में पहली बार बनी आम आदमी पार्टी की सरकार में मुख्यमंत्री की ताजपोशी का नजारा आम नहीं होगा। समारोह के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। समारोह पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी मंजूरी दे दी गई है।
मान ने सभी को दिया न्योता, छह हजार पुलिस जवान तैनात होंगे
सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शपथ ग्रहण के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे, जिसमें परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। समारोह स्थल पर विशेष चौकी बनाई गई है। साथ ही छह हजार पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा सीआईडी और अन्य खुफिया ऐजेंसियों की पूरी नजर समारोह पर रहेगी। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भगवंत मान पहले ही पंजाब के लोगों को शामिल होने का न्योता दे चुके हैं।
शहीद भगत सिंह के पूज्य पैतृक स्थान नवांशहर के खटकड़ कलां में 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक प्रबंध शुरू कर दिए गए हैं। इस आयोजन में शहीद स्मारक के पीछे 7 एकड़ जमीन शामिल की गई है। जरूरत पड़ने पर आस-पास की और जमीन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। शहीद के पैतृक गांव को राज्य के मुख्यमंत्री के पहले शपथ ग्रहण समारोह के लिए स्थल के रूप में चुना गया है। नवांशहर के खटकड़ कलां में शहीद स्मारक के पीछे 13 एकड़ जमीन पर एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। जहां पंडाल के लिए स्मारक की संपत्ति पर 6.5 एकड़ का उपयोग किया जाएगा।
नहीं होगी रोकटोक
समारोह में अधिक से अधिक लोग पहुंच पाएं इसके लिए कई मुख्य द्वार बनाए जा रहे हैं। आयोजन के लिए विशाल पंडाल बनाने के लिए 100 ट्रक सामग्री लायी जा रही है। इसके लिए दूसरे जिलों से भी सामग्री मंगाई जा रही है। राज्य के मुख्य वास्तुकार भी व्यवस्था की योजना बनाने के लिए आयोजन स्थल पर पहुंच गए हैं।
आज अमृतसर में रोड शो
चंडीगढ़ में कुछ अन्य लोगों से मिलने के बाद भगवंत मान का काफिला संगरूर घर की ओर रवाना हो गया। रविवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब पहुंचेंगे। अमृतसर में हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद रोड शो में शामिल होंगे। इस दौरान भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे।