{"_id":"5f2eda558ebc3ea9c32692f3","slug":"twenty-thousand-liters-petrol-diesel-missing-citco-pump-revealed-investigation-pump-located-sector-17-stirred-up-chandigarh-news-pkl384080395","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिटको के पंप से बीस हजार लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल गायब, जांच में खुलासा, मचा हड़कंप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिटको के पंप से बीस हजार लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल गायब, जांच में खुलासा, मचा हड़कंप
Sat, 08 Aug 2020 10:31 PM IST
पंचकुला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: पंचकुला ब्यूरो
Updated Sat, 08 Aug 2020 10:31 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : Amar Ujala
सेक्टर-17 स्थित सिटको के पेट्रोल पंप की जांच में 20847 लीटर पेट्रोल-डीजल कम मिला है। इतनी बड़ी मात्रा में तेल के कम मिलने से सिटको में हड़कंप मच गया है। प्रबंधन ने इस पूरे मामले से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब-तलब किया है। साथ ही संबंधित तेल कंपनी से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
विज्ञापन
बता दें कि सिटको प्रबंधन की तरफ से बीते मार्च माह में सेक्टर-9 और सेक्टर-17 के पेट्रोल पंपों की जांच के निर्देश दिए गए थे। कोरोना संक्रमण के चलते कर्फ्यू और लॉकडाउन के कारण पेट्रोल पंपों की जांच का कार्य पूरा नहीं किया जा सका था। अब शहर के अनलॉक होने के बाद प्रबंधन ने दोबारा दोनों पंपों की जांच के निर्देश दिए।
विज्ञापन
जांच में सेक्टर-9 में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक सही मिला लेकिन सेक्टर-17 स्थित पेट्रोल पंप पर जांच दल को कई खामियां मिलीं। जांच में सामने आया कि पंप के स्टॉक रजिस्टर, डिप रजिस्टर और डेली सेल्स रजिस्टर को सही तरीके से अपडेट नहीं किया गया था। वहीं, पेट्रोल-डीजल की चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में तेल की कमी मिली। संबंधित तेल कंपनी के निर्धारित मानकों के मुताबिक, पंप पर 7556.186 लीटर डीजल जबकि 13291.073 पेट्रोल कम पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल की कमी से प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारी और कर्मचारी सब मामले पर पर्दा डालने में लगे हुए हैं।
विज्ञापन
पावर पेट्रोल भी मिला कम, अधिकारी दबा रहे मामला
सामान्य पेट्रोल-डीजल ही नहीं पंप पर पावर पेट्रोल में भी कमी मिली है जबकि सीएनजी की डिस्पेंसिंग मशीन की मीटर रीडिंग की चेकिंग में सब कुछ सही पाया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सिटको प्रबंधन इस पूरे मामले को दबाने में लगा हुआ है। इस कारण अब अधिकारी यह कह रहे हैं कि पंप का टैंक खराब हो सकता है, जिसके कारण संबंधित तेल कंपनी से भी रिपोर्ट मांगी गई है।
हां, सेक्टर-17 पेट्रोल पंप पर डीजल, पेट्रोल और पावर पेट्रोल के स्टॉक में कमी मिली है। प्रबंधन सभी पहलुओं पर जांच कर रहा है। संभावना यह भी है कि पंप के टैंक में भी कोई कमी हो सकती है इसलिए संबंधित तेल कंपनी से भी जवाब मांगा गया है। यदि टैंक की जांच में सब कुछ सही मिला तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -राकेश कुमार पोपली, सीजीएम, सिटको