पर्यटन दिवस विशेष: कोरोना के साये से निकला पर्यटन कारोबार, छह माह में चंडीगढ़ पहुंचे 24 हजार सैलानी
पिछले साल कोरोना के कारण लगभग सौ करोड़ से ज्यादा का नुकसान शहर के पर्यटन कारोबार को हुआ था। अब सिटी ब्यूटीफुल के पर्यटन स्थल फिर से गुलजार नजर आ रहे हैं, जिससे प्रशासन और इस कारोबार से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है। पर्यटन विभाग की निदेशक नितिका पवार ने इसकी पुष्टि की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के साये से उबरकर पर्यटन कारोबार ने एक बार फिर तेजी पकड़ ली है। पिछले साल जहां शहर में सन्नाटा पसरा था, वहीं, इस वर्ष छह माह (जनवरी से जून) में ही 24,622 पर्यटक चंडीगढ़ पहुंचे हैं। इनमें से 22,730 भारतीय और 1892 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। लगभग सौ करोड़ से ज्यादा का नुकसान झेलने के बाद सिटी ब्यूटीफुल के पर्यटन स्थल फिर से गुलजार नजर आ रहे हैं, जिससे प्रशासन और इस कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिल नजर आ रहे हैं।
पर्यटन विभाग की निदेशक नितिका पवार ने बताया कि मार्च 2019 से अगस्त 2020 तक शहर में 8 लाख 14 हजार 538 पर्यटक आए थे। इनमें 7 लाख 95 हजार 750 पर्यटक भारतीय थे, जबकि 18,788 पर्यटक विदेशी। इसके बाद कोरोना के कारण शहर में सन्नाटा पसर गया। होटल उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि वर्तमान में शहर के लगभग सभी होटलों के पास आर्थिक तौर पर खड़े होने की स्थिति है।
यह भी पढ़ें - अच्छी खबर: पीजीआई चंडीगढ़ की वॉक इन ओपीडी शुरू, मरीजों को डेढ़ साल बाद मिला सीधे इलाज
सुखना और रोक गार्डन में भी लौटी रौनक
कोरोना काल में सुखना लेक पर बोटिंग बंद कर दी गई थी और यहां लोगों के टहलने तक पर पाबंदी लगा दी गई थी। रॉक गार्डन को भी बंद कर दिया गया था। सुनसान पड़े सुखना लेक और रॉक गार्डन की रौनक लौट आई है। रविवार को एक दिन में ही 7 हजार पर्यटक रॉक गार्डन पहुंचे। सुखना पर लगभग 3 हजार से ज्यादा लोगों ने बोटिंग का आनंद लिया। इसके अलावा रोज रार्डन, ऑर्ट व म्यूजियम गैलरी में भी पर्यटकों की संख्या पहले से बढ़ी है। अब कन्वेंशन, मीटिंग और मैरिज हॉल भी बुक होने लगे हैं। टूर ऑपरेटरों के पास भी अब ऑर्डर आने लगे हैं। पर्यटन ट्रांसपोर्ट से जुड़े वाहनों की भी अच्छी खासी बुकिंग होने लगी है। हालांकि सिटको अभी भी घाटे में ही चल रहा है।
चंडीगढ़ में अक्तूबर से फरवरी तक रहता है पर्यटकों का जमावड़ा
शहर में पर्यटकों के आंकड़ों को देखने से पता चलता है कि सबसे ज्यादा विदेशी पर्यटक अक्तूबर से फरवरी महीने के बीच आते हैं। खासतौर से नवंबर से लेकर मध्य फरवरी तक इनकी संख्या खासी होती है। इस दौरान शहर में मौसम ठंडा और शांत होता है, जबकि जुलाई से अक्तूबर महीने के बीच देश के अन्य राज्यों से पर्यटक चंडीगढ़ पहुंचते हैं। इसके अलावा फिल्मों की शूटिंग के लिहाज से उत्तर भारत में चंडीगढ़ सबसे ज्यादा पसंदीदा शहर है। कोरोना काल में भी यहां कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है।
इस वर्ष कब कितने पर्यटक पहुंचे
- माह भारतीय विदेशी
- जनवरी 4447 310
- फरवरी 4718 349
- मार्च 3660 534
- अप्रैल 3402 429
- मई 1727 133
- जून 5076 137
पर्यटकों और शहरवासियों के लिए दो दिन रहेंगे खास
27 सितंबर
- होपऑन-होपऑफ बस में नि:शुल्क सवारी, सिटकों के होटलों में छूट
- रन फॉर टूरिज्म (सुखना लेक से कैपिटल कांप्लेक्स) सुबह 7 बजे
- यूनेस्को हेरिटेज साइट कैपिटल कांप्लेक्स का दौरा सुबह 10 से 4 बजे तक
- इंटरनेशनल फूड फेस्टिवल (सेक्टर-42) दोपहर एक बजे
- सूफी म्यूजिकल नाइट विद अली ब्रदर्स (कलाग्राम) शाम 6.30 बजे
28 सितंबर
- नेचर वॉक ऑन सुखना लेक सर्किट सुबह 6 बजे
- यूनेस्को हेरिटेज साइट कैपिटल कांप्लेक्स का दौरा सुबह 10 से 4 बजे तक
- पंजाबी म्यूजिकल नाइट विद प्रभ गिल (कलाग्राम) शाम 6.30 बजे
महामारी के दौर से गुजरने के बाद अब लोगों ने घरों से निकलना शुरू किया है। अभी भी कोरोना पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सावधानी जरूरी है। पर्यटन कारोबार में अब थोड़ा सुधार हुआ है। -नितिका पवार, निदेशक, पर्यटन विभाग