एक्सक्लूसिवः सैनिक स्कूलों के दाखिलों पर ठगों का साया, पांच हजार में मैरिट में लाने की गारंटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सैनिक स्कूलों में दाखिले के नाम पर ठगने वाला गिरोह देशभर में सक्रिय हो गया है। इन ठगों ने अभ्यर्थी बच्चों के अभिभावकों को फंसाने के लिए बड़े ही शातिराना तरीके से जाल बिछाया है। कई अभिभावक उनके जाल में फंस भी रहे हैं। सूत्रों के अनुसार ये मामला सेना के संज्ञान में भी आ चुका है। चूंकि देशभर के सभी 33 सैनिक स्कूल मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस के अधीनस्थ हैं इसलिए सेना भी इस मामले को लेकर गंभीर और अलर्ट हो गई है। सूत्रों ने बताया कि सैन्य स्तर पर इसकी जांच भी की जा रही है।
बताते चलें कि देश भर के इन सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए 5 जनवरी को काफी संख्या में छात्रों ने एंट्रेंस परीक्षा दी थी। रिजल्ट 3 फरवरी को आने वाला है। मगर इससे पहले इन दलालों ने ठगी का खेल शुरू कर दिया है। ये दलाल सैनिक स्कूल का एग्जाम देने वाले बच्चों के अभिभावकों को सीधे फोन कर उन्हें कुछ खर्च करने पर उनके बच्चों को मैरिट व पासिंग लिस्ट में शामिल करवाने की पक्की गांरटी दे रहे हैं।
हैरानी की बात यह कि इन दलालों के पास एग्जाम देने वाले अभिभावकों के फोन नंबर भी है। ये लिस्ट उन्हें कैसे और कहां से मिली, यह जांच का विषय है। शिक्षा विशेषज्ञ मदनलाल शर्मा बताते हैं कि अधिकतर जवानों समेत सिविलियंस भी अपने बच्चों को सैनिक स्कूल में दाखिला दिलवाने के लिए ये परीक्षा दिलवाते हैं, लेकिन अब सभी को ऐसे दलालों से अलर्ट रहने की जरूरत है।
केस - 1
दलाल : हैल्लो, क्या आपके बेटे का सैनिक स्कूल के लिए एग्जाम था।
अभिभावक : हां-हां पांच जनवरी को था।
- कैटेगरी जनरल है न।
हां-हां जनरल है।
- मैं आपको बता रहा हूं कि आपके बच्चे के नंबर 219 आ रहे हैं जबकि मैरिट 225 प्लस पर है। मैरिट आने पर ही आप किसी भी स्कूल में एडमिशन करवा सकते हैं।
मैंने तो दो स्कूलों का फार्म भरा था।
- हां... मैं बता रहा हूं 225 प्लस पर ही मैरिट बनती है, तभी आपके बच्चे का एडमिशन होगा।
अच्छा, अच्छा।
- अभी आपके बेटे के नंबर 219 हैं, तभी मैने आपको फोन किया है। एक-दो नंबर हो तो कोई बात नहीं, मगर छह नंबर कम है। यदि आप कुछ खर्च कर सकते हैं, तो नंबर बढ़ सकते हैं।
तो इसके लिए कितना लगेगा, बताइए।
- आपको पांच हजार बोला था न मैंने।
नहीं, मुझे नहीं बोला, वो कोई और होगा, मैं दूसरा हूं।
- ठीक है, यदि आप करवाना चाहता हैं तो आपको पांच हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे, तभी आपके बेटे के मार्क्स 225 प्लस हो जाएंगे, यदि आप करवाना चाहते हैं तो बताइए।
रिजल्ट कब निकल रहा है।
- 3 फरवरी को निकल रहा है रिजल्ट।
गारंटी क्या है।
- गारंटी है आपका रिजल्ट, आपको मैसेज आज की डेट में मिल जाएगा।
नहीं हुआ तो।
- कैसे नहीं होगा, मैं आपको अपना अकाउंट नंबर दूंगा। कमाल है, आपको पता होना चाहिए एक बैंक अकाउंट खुलवाने में कितने प्रूफ देने पड़ते हैं बैंक को।
नहीं नहीं, वो बात नहीं, गारंटी तो बताओ।
-आपके पास मेरा अकाउंट नंबर होगा, बैंक नाम होगा, मेरे प्रूफ हैं, और मैं आपको क्या गारंटी दूं।
अच्छा तो मुझे भेज दो अकाउंट नंबर।
- ठीक है, कितनी देर में आप पेमेंट कर पाएंगे।
पेमेंट तो...एक काम करते हैं न, 3 अभी ले लो, 5 की जगह हम 6 दे देंगे... 3 बाद में ले लेना।
- नहीं... नहीं, पहले पूरे पांच की पेमेंट करनी होगी।
अच्छा वैसे, कैसे करवाओगे आप, आप कोई टीचर वगैरह हो क्या।
- हां, मैं टीचर हूं।
कौन से स्कूल में।
- सैनिक स्कूल।
कौन से।
- टीचर नहीं, मैं सैनिक डिपार्टमेंट दिल्ली में हूं, मेरा नाम है सुचिल बरूआ।
तो...मैं भी दिल्ली में ही हूं, वैसे मिल सकते हैं हम डायरेक्ट।
-नहीं, मैं आपसे 3 फरवरी के बाद मिलूंगा, रिजल्ट के बाद मिल सकते हैं। बेफिक्र रहिए, अभी नहीं। स्टूडेंट की लाइफ हैं, पांच हजार रुपये लेकर मैं कहीं चला नहीं जाऊंगा, आपके पास मेरा अकाउंट नंबर है, मेरा नाम है, आप बेफिक्र रहिए।
अच्छा...अच्छा...तो मुझे आप अपना अकाउंट नंबर भेज दो, कहां का है आपका अकाउंट नंबर।
- गोलाघाट, असम का।
अच्छा असम का है अकाउंट नंबर, फिर आप तो दिल्ली में हो।
- मैं दिल्ली में आया हुआ हूं, सैनिक डिपार्टमेंट में मैरिट लिस्ट चेक करने के लिए...
आप दिल्ली वाले स्कूल में टीचर हैं क्या।
- नहीं, मैं टीचर नहीं, यहां डिपार्टमेंट में आया हुआ हूं। मैरिट लिस्ट चेक करने, यहां बन रही है मेरे सामने मैरिट लिस्ट।
ठीक, ठीक । आप इसी नंबर पर अपना अकाउंट नंबर भेज दो।
-ठीक है, भेज रहा हूं।
केस- दो
दलाल : हैलो सर, मैं डाटा एंट्र्री से बात कर रहा हूं, सैनिक स्कूलों का रिजल्ट 3 फरवरी को आ रहा है।
अभिभावक : हां...जी।
- हां, तो मैं आपका बता रहा था कि मैं यहां सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए पास होने वाले बच्चों की फाइनल लिस्ट बनाने आया हूं और आपके बच्चे का मार्क्स सिर्फ 90 है जबकि पासिंग मार्क्स 210 है।
अच्छा।
-हां, जब तक उनका लिस्ट में नाम नहीं होगा, उनका सैनिक स्कूल में सिलेक्शन नहीं हो पाएगा।
अच्छा, अच्छा।
- हां, तो यदि आप चाहते हैं कि आपके बेटे का सैनिक स्कूल में एडमिशन हो जाए, तो मैं यहां से नंबर बढ़ा देता हूं। मगर इसके लिए आपको थोड़ा खर्च करना पड़ेगा।
कितना करना पड़ेगा।
- मेरे पास ये लिस्ट डेढ़ घंटे में फाइनल होने के लिए आई हुई है। यदि चली गई तो मैं फिर कुछ नहीं कर पाऊंगा...आप कुछ खर्च कर देंगे तो मैं नंबर बढ़ा देता हूं। नहीं तो आपकी इच्छा।
इसके लिए आपके पास आना पड़ेगा मुझको।
- जी सर, बिलकुल आ सकते हो, लेकिन मैं आपको अपना अकाउंट नंबर दे सकता हूं। आप उसमें डलवा सकते हो।
फिर मुझे क्या पता.. आप कौन है, आपका नाम क्या है, मुझे कैसे पता मैं आपके अकाउंट में डाल दूं..तो आपका काम हो जाएगा।
- मेरेा नाम विशाल मौर्य है, मैं सैनिक डिफेंस डाटा एंट्री न्यू दिल्ली, लक्ष्मी नगर से बात कर रहा हूं।
इसके लिए कितना खर्च करना पड़ता है।
- इसमें सर आपको पांच हजार रुपये खर्च आएगा।
पांच हजार रुपये।
- हां, इसके बाद मैं बच्चे के मार्क्स बढ़ा दूंगा, वो पास हो जाएगा।
अगर नहीं हुआ तो, मैं फिर आपको कैसे मिलूंगा, कहां मिलूंगा।
- बिल्कुल सर, आपको बिलिव नहीं होता तो आप अभी आइए, पांच बजे शाम को छुट्टी होती है, तो मैं आपको उसके बाद मिल सकता हूं। अभी तो मैं लिस्ट बना रहा हूं, अभी नहीं मिल पाऊंगा आपको।
ठीक है...लक्ष्मी नगर पहुंचकर, इसी नंबर पर काल करूं आपको।
-जी सर।
आप पैसा बहुत ज्यादा बोल रहे हैं पांच हजार रुपये।
- आप कितना दे सकते हो, आप बोलो, कुछ खर्च कर देते हो तो नंबर बढ़ा देता हूं।
चलो, मैं आपको फोन करके बताऊंगा।
- सर, आपके पास मात्र डेढ़ घंटे का टाइम है, डेढ़ घंटे में मुझे फोन कर लेना। मैं आपको आधे घंटे में करता हूं, आप बता देना।
- चलो मैं करता हूं।
सैनिक स्कूल सोसाइटी का भी अलर्ट जारी
मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस के अंतर्गत ‘सैनिक स्कूल सोसाइटी’ ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। देश में सभी 33 सैनिक स्कूल सेना की इसी सोसाइटी द्वारा चलाए जा रहे हैं। सोसायटी ने भी चेतावनी दी है कि कई एजेंट पेरेंट्स को सैनिक स्कूलों में उनके बच्चों के मार्क्स बढ़ाने की गांरटी दे रहे हैं। ऐसी किसी कॉल से सैनिक स्कूल सोसाइटी का कोई लेनादेना नहीं है। एडमिशन संबंधी अपडेट के लिए सभी अभिभावक सोसाइटी के ऑनलाइन पोर्टल पर ही संपर्क करें।
हरियाणा में 2, पंजाब-हिमाचल में 1-1 सैनिक स्कूल
उत्तरी क्षेत्र में हरियाणा में दो सैनिक स्कूल रेवाड़ी व करनाल (कुंजपुरा) जिले में हैं। पंजाब राज्य का सैनिक स्कूल कपूरथला में हैं। उत्तराखंड राज्य का स्कूल नैनीताल के गोराखल में, हिमाचल का सैनिक स्कूल हमीरपुर के सुजानपुर तीरा में, जम्मू-कश्मीर में सैनिक स्कूल जम्मू के नगरोटा में और राजस्थान का सैनिक स्कूल झुंझुनू में है।
ये है सत्र 2020-21 के लिए दाखिला का शेड्यूल
देश भर के सभी सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए जवानों के साथ-साथ सिविलियंस का भी काफी क्रेज रहता है, क्योंकि ये स्कूल सेना की निगरानी में पूरे सैन्य अनुशासन के साथ चलाए जाते हैं। फीस भी यहां अपेक्षाकृत बहुत कम है। एंट्रेंस टेस्ट छठी से ग्यारहवीं कक्षा में विभिन्न सीटों के लिए होता है। इसके लिए लाखों की संख्या में छात्र टेस्ट देते हैं।
सत्र 2020-21 के लिए दाखिला प्रक्रिया 5 अगस्त 2019 से फार्म निकलने के बाद शुरू हो गई थी। 23 सितंबर तक फार्म भरे गए और एंट्रेंस टेस्ट 5 जनवरी 2020 को रखा गया। 3 से 7 फरवरी के बीच परिणाम घोषित होकर मैरिट लिस्टें बनेंगी। 20 फरवरी से 10 मार्च तक छात्र का मेडिकल होगा। 20 मार्च को वेटिंग मैरिट लिस्ट जारी होगी। 31 मार्च को दाखिला लेने वाले छात्रों को सूचना दे दी जाएगी।