कोरोना वायरस : पंजाब में रोजाना 60 हजार होंगे टेस्ट, अप्रैल में ही 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों को लगेगा टीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब सरकार ने हर दिन होने वाले कोविड टेस्ट की सीमा तय कर दी है। अब हर दिन 60 हजार कोविड टेस्ट किए जाएंगे। पंजाब की मुख्य सचिव ने सभी जिलों के डीसी को निर्देश जारी किए हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अप्रैल माह में ही 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करें।
राज्य में कोविड टीकाकरण और प्रबंधन की समीक्षा करने के लिए शनिवार को देर रात आयोजित हुई एक उच्चस्तरीय मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव विनी महाजन ने डिप्टी कमीश्नरों, पुलिस कमिश्नरों और जिला पुलिस प्रमुखों को मृत्युदर को घटाने और कांट्रैक्ट ट्रैसिंग बढ़ाने, टेस्टिंग बढ़ाने के साथ-साथ टीकाकरण मुहिम में तेजी लाने के यत्न करने की हिदायत दी।
महाजन ने कहा कि कोविड के बढ़ रहे मामलों को रोकने के लिए कोविड संबंधी नियमों को सख्ती के साथ लागू किया जाना चाहिए, क्योंकि पिछले हफ्ते पंजाब में कोविड के केस बहुत तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने रिपोर्ट पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि बहुत से लोग अभी भी सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक जमावड़ों के दौरान मास्क नहीं पहन रहे, जिस कारण राज्य में कोविड स्थिति और भी खतरनाक बन सकती है।
डीसी, सीपी, एसएसपी और सिविल सर्जनों के साथ मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए मुख्य सचिव को जानकारी दी गई कि अब तक लगभग 10 लाख लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है और आने वाले दो हफ्तों के दौरान राज्य में 32 लाख नागरिकों को टीका लगाने की योजना है। उन्होंने राज्य के सरकारी अमले को हिदायत दी कि टेस्टिंग क्षमता को प्रति दिन 60,000 तक पहुंचाया जाए, जिससे कोविड की स्थिति पर समय रहते काबू पाया जा सके।
तीन बार लैब भेजे जाएं नमूने
नमूनों को दिन में तीन बार लैबों में भेजा जाए और टेस्टों के नतीजे मरीजों को जल्दी उपलब्ध करवाए जाएं। कोविड प्रबंधन, टेस्टिंग, ट्रेसिंग और टीकाकरण के बारे राज्य की रणनीति पेश करते हुए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव हुस्न लाल ने बताया कि डॉक्टरों को निर्देश दिया हैं कि वह नमूने और टीकाकरण के विवरण को रियल टाइम के आधार पर अपलोड करने और लाभर्थियों को फोन किया जाए और संदेश भेजा जाए जिससे वह समय पर टीकाकरण वाले स्थानों पर पहुंच सकें।
1.5 लाख पुलिसकर्मियों का हुआ टेस्ट
पुलिस कर्मचारियों की तरफ से अब तक लगभग डेढ़ लाख आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाए जा चुके हैं। इसके अलावा पंजाब पुलिस की दो बटालियनों का पूरी तरह टीकाकरण करवा दिया गया है और 74 प्रतिशत पुलिसकर्मी पहले ही यह टीका लगवा चुके हैं। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने लोगों को कोविड नियमों का सख्ती के साथ पालन करने की सलाह दी और कहा कि हालात सामान्य होने तक होटल और रेस्टोरेंट में पार्टी न करें।